ओडिशा के SCB अस्पताल में लगी भीषण आग, ICU में भर्ती 10 मरीजों की मौत: CM मोहन माँझी ने ₹25-25 लाख मुआवजे का किया ऐलान

ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के मेडिसिन विभाग में ट्रॉमा केयर ICU में भयानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से मौके पर ही 7 मरीजों की मौत हो गई, वहीं 3 मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना सोमवार (16 मार्च 2026) सुबह करीब 3 बजे की है। मेडिसिन विभाग की पहली मंजिल पर ही ICU वार्ड है, जहाँ से धुएँ का गुब्बार निकलता दिखा। पूरा वार्ड आग की चपेट में था। उस वक्त वार्ड में 23 मरीज थे।

अस्पताल के कर्मचारी और अग्निशमन कर्मचारियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। हालाँकि, धुएँ और आग की तेज लपटों के चलते मरीजों को बचाना मुश्किल रहा। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और दर्जनों मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं जिन मरीज की हालत गंभीर थी उन्हें तुरंत न्यू मेडिसिन ICU में शिफ्ट किया गया ताकि उनका इलाज जारी रह सके।

हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन माँझी घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। सीएम ने मृतकों के परिवार को 25-25 लाख रुपए का मुआवजा देने का भी ऐलान किया। मौके पर स्वास्थ्य सचिव, कटक जिला कलेक्टर और डीसीपी भी राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए मौजूद रहे।

शुरुआती जाँच में पता लगा कि ICU के एयर कंडीशनिंग सिस्टम या किसी मेडिकल उपकण में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट की वजह से ये आग लगी होगी। सरकार ने इस मामले में उच्च स्तरीय जाँच के आदेश दिए हैं।