ओडिशा का मलकानगिरी भी हुआ नक्सल मुक्त, टॉप नक्सली कमांडर ने किया सरेंडर: हथियार-बारूद सब पुलिस को सौंपे

ओडिशा के मलकानगिरी जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले में सक्रिय एक टॉप माओवादी कैडर के कमांडर ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। सरेंडर करने वाले माओवादी की पहचान सुखराम मरकाम के रूप में हुई है, जिस पर ₹21 लाख का इनाम घोषित था। वह लंबे समय से मलकानगिरी और आसपास के इलाकों में सक्रिय था।

मलकानगिरी एसपी विनोद पाटिल ने बताया, “वह फायरिंग, IED ब्लास्ट, किडनैपिंग और आम नागरिकों की हत्या की कई घटनाओं में शामिल था। मैं मीडिया के जरिए सभी दूसरे माओवादी नक्सली कैडरों से भी अपील करता हूँ कि वे भी हिंसा का रास्ता छोड़कर सरेंडर कर दें। यह हमारे लिए एक बड़ी सफलता है।”

सरेंडर के दौरान उसने एक SLR राइफल, एक मैगजीन, 7.62 एमएम के 12 कारतूस और लगभग दो किलो वजन के दो IED पुलिस को सौंपे। पुलिस के अनुसार, उसके सरेंडर के बाद मलकानगिरी जिला प्रभावी रूप से नक्सल मुक्त हो गया है।