ओडिशा के पुरी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक हिंदू नाबालिग लड़की को मोबाइल ऐप के जरिए प्रेम जाल में फँसाकर सरहद पार बांग्लादेश पहुँचा दिया गया। पीड़िता की माँ अंजलि परिडा ने पुरी के एसपी प्रतीक सिंह से अपनी बेटी को बचाने की गुहार लगाई है। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय मामले को सुलझाने और लड़की को सुरक्षित वापस लाने के लिए ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग से संपर्क करने की तैयारी कर रही है।
पूरी साजिश साल 2021 में शुरू हुई थी। आरोपित मुस्लिम युवक ने अपनी पहचान छिपाकर नाबालिग हिंदू लड़की से दोस्ती की और उसे अगवा कर पहले पश्चिम बंगाल और फिर बांग्लादेश ले गया। पीड़िता की माँ ने बताया कि उनकी बेटी पिछले 5 सालों से वहाँ नर्क जैसी जिंदगी जी रही है। उस पर लगातार इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाया जा रहा है और जानवरों जैसा सुलूक किया जा रहा है।
पीड़िता ने आखिरी बार 2 मार्च 2026 को अपनी माँ को फोन कर बताया कि उसकी जान को गंभीर खतरा है। परिवार ने पूर्व में पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में बेटी को ढूँढ लिया था, लेकिन आरोपित के रसूख के कारण उसे छुड़ा नहीं पाए। अब एसपी प्रतीक सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभव कूटनीतिक और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।

