पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हिंसा: क्वेटा समेत कई शहरों में 7 धमाके, सुरक्षा एजेंसियों और रेलवे पर उग्रवादियों ने किए हमले

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक बार फिर हिंसा की चपेट में है, जहाँ पिछले 24 घंटों में कम से कम सात धमाके हुए। इन हमलों में राजधानी क्वेटा और डेरा मुराद जमाली में पुलिस, आतंकवाद-रोधी विभाग (CTD), रेलवे और एक निर्माण कंपनी को निशाना बनाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, शनिवार (29 नवंबर 2025) की शुरुआत क्वेटा की एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले से हुई, जिसके कुछ ही देर बाद CTD की गाड़ी के पास IED विस्फोटक धमाका हुआ। शाम तक शहर में तीन और धमाकों हुए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लोहर करेज के पास उग्रवादियों ने रेलवे ट्रैक को IED से उड़ा दिया। यह वही लाइन है जो क्वेटा को पाकिस्तान के अन्य इलाकों से जोड़ती है। धमाके के समय एक ट्रेन स्टेशन में प्रवेश करने वाली थी, जिसके कारण पूरी रेल सेवा रोकनी पड़ी।

हालाँकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। डेरा मुराद जमाली में भी गश्ती पुलिस के गाड़ी पर ग्रेनेड फेक गया। वहीं क्वेटा के सरियाब रोड स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट पर हुए ग्रेनेड विस्फोट में दो सुरक्षा गार्ड घायल हो गए।

रविवार (30 नवंबर 2025) सुबह भी हमले जारी रहे, जब मोटरसाइकिल सवार उग्रवादियों ने मंजूर शहीद पुलिस स्टेशन और केच बेग इलाके में ग्रेनेड फेंके। अब तक किसी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हाल के महीनों से बलूचिस्तान में अलगाववादी गतिविधियाँ लगातार तेज रही हैं।