विदेशी महिलाओं का क्रिप्टो करेंसी के लिए किया किडनैप और गैंगरेप, पाकिस्तान के डिप्टी PM के पोते की गिरफ्तारी के बाद खुले राज: ₹12.5 करोड़ भी ऐंठे

पाकिस्तान के डिप्टी PM के पोते से जुड़े गैंगरेप केस में क्रिप्टो विवाद सामने आया है। जाँच के दौरान पुलिस ने बताया कि पाकिस्तान के डिप्टी PM इशाक डार के पोते मुहम्मद रजा डार की पिछले साल सिंगापुर में दो महिलाओं से मुलाकात हुई थी और वे एक क्रिप्टोकरेंसी वेंचर में पार्टनर थे।

उसने उनके पाकिस्तान दौरे के लिए बिजनेस वीजा का इंतजाम किया था। 29 जून को लाहौर में नीदरलैंड और वेनेजुएला की इन महिलाओं का मुहम्मद रजा डार समेत चार आरोपितों ने गैंगरेप किया था। गैंगरेप की जाँच कर रहे अधिकारी अब मामले की क्रिप्टो करंसी केस की ओर भी ध्यान दे रहे हैं। अब जाँच को लेकर बताया जा रहा है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ा कोई विवाद हो सकता है।

इस घटना ने पाकिस्तान में भारी राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। चूँकि आरोपित मुहम्मद रजा डार पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोता है, इसलिए विपक्षी दलों ने इशाक डार के इस्तीफे की माँग की है। पाकिस्तान में सेना के करीबी माने जाने वाले सीनेटर फैसल वावदा ने भी इशाक डार को जल्द से जल्द इस्तीफा देने की सलाह दी है।

क्या है मामला

पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोते मुहम्मद रजा डार को लाहौर में दो विदेशी महिलाओं के अपहरण, गैंगरेप और प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ये महिलाएँ नीदरलैंड और वेनेजुएला की नागरिक हैं। इस मामले में अब क्रिप्टो विवाद भी सामने आया है। महिलाओं से 15 लाख डॉलर यानी लगभग ₹12.5 करोड़ की फिरौती माँगी गई। यह भी आरोप है कि पैसे न देने पर आरोपितों ने महिलाओं को शरीर के अंग निकालने की धमकी भी दी थी।

पुलिस जाँच में सामने आया है कि रजा डार पिछले साल सिंगापुर में इन महिलाओं से मिला था और वे एक क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में साझेदार थे। रजा डार ने ही महिलाओं के पाकिस्तान आने के लिए बिजनेस वीजा का इंतजाम किया था, जिसके बाद उन्हें बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मुहम्मद रजा डार और उसके साथियों—हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली को गिरफ्तार कर लिया है। लाहौर की स्थानीय अदालत ने सभी आरोपितों को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।