लाल किले के पास धमाके की आशंका, लश्कर कर रहा IED ब्लास्ट की प्लानिंग: रिपोर्ट, दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

राजधानी दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की आशंका है। जाँच एजेंसी को मिले इनपुट के मुताबिक, लाल किले के आसपास धार्मिक स्थलों पर हमले की प्लानिंग है, जिसमें चाँदनी चौक का एक मंदिर भी शामिल है। यह हमला पाकिस्तान का आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा प्लान कर रहा है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आतंकी संगठन IED हमले की योजना बना रहा हो सकता है। यह भी सामने आया कि यह हमला पाकिस्तान के इस्लामाबाद में 6 फरवरी 2026 को एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट का बदला लेने की कोशिश हो सकती है, जिसमें 31 लोग मारे गए थे। इस हमले का जिम्मेदार पाकिस्तान भारत को मान रहा है, लेकिन भारत की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

आतंकी हमले के इनपुट के बाद से अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह अलर्ट दिल्ली के लाल किला से पास हुए आत्मघाती हमले के तीन महीने के बाद जारी हुआ है, जिसमें 12 लोग मारे गए थे। इस हमले में फरीदाबाद के अल-फलाह यूनिवर्सिटी के डॉ. उमर मोहम्मद फिदायीन था, जिसने कार से विस्फोट किया।