चौतरफा घिरे मुनीर और शहबाज शरीफ, PoK-BLA-TTP के बाद अब इमरान खान की पार्टी ने खोला मोर्चा: पूरे पाकिस्तान में प्रदर्शन का किया ऐलान

पाकिस्तान इस समय अपने इतिहास के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है। देश के चार अलग-अलग हिस्सों में एक साथ फैली अशांति का संकट अब सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को डराने लगा है। पाकिस्तान में POK, TTP और BLA के आंदोलनों के बाद अब इमरान खान ने भी शहबाज सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने इस्लामाबाद में की बैठक में 5 अगस्त से पूरे पाकिस्तान में आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है, क्योंकि उसी दिन इमरान खान की गिरफ्तारी के तीन साल पूरे होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष बेरिस्टर गौहर अली खान और महासचिव सलमान अकरम राजा ने बताया कि देशभर में रैलियाँ, प्रदर्शन और मार्च होंगे।

आंदोलन की अंतिम रणनीति तय करने के लिए महमूद खान अचकजई और अल्लामा राजा नासिर अब्बास से भी सलाह ली जाएगी। पार्टी के मुख्य सचेतक मलिक आमिर ने यह भी साफ किया कि संसदीय स्थायी समितियों का बहिष्कार जारी रहेगा।

बता दें कि इमरान खान रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। उन्हें अगस्त 2023 में कई आपराधिक और भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार किया गया था। इस आंदोलन को लेकर उनसे मुलाकात के लिए वकील अवैस यूनुस चौधरी ने जेल प्रशासन को छह नेताओं की सूची सौंपी है, ताकि वे इमरान खान से आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकें।

यह ऐलान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान की शहबाज सरकार पहले ही चौतरफा घिरी हुई है। एक तरफ PoK में विरोध प्रदर्शन जारी हैं, जो वहां की सुप्रीम कोर्ट के विधानसभा में 12 आरक्षित शरणार्थी सीटें बरकरार रखने के फैसले के बाद भड़के थे। इसमें महंगी बिजली, आटे की किल्लत और राजनीतिक अधिकारों की पुरानी नाराजगी भी जुड़ गई। सरकार बाज नहीं आ रही, बल्कि शहबाज की पुलिस प्रदर्शनकारियों पर गोलियाँ चला रही है, जॉइंट एक्शन कमेटी के नेताओं को गिरफ्तार कर रही है, संगठन पर पाबंदी लगा रही है और इंटरनेट बंद कर रही है।

हालात संभालने के लिए 16 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। झड़पों में अब तक 20 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और प्रदर्शनकारियों ने मुजफ्फराबाद की ओर लंबे मार्च का ऐलान किया है।

बलूचिस्तान में हालात और गंभीर हैं। पानी की भारी कमी, जबरन गुमशुदगी के आरोप और बलोच यकजेहती कमेटी के प्रदर्शनों के बीच लोग अलग होने की माँग पर अड़े हैं। जाफर एक्सप्रेस और सुरक्षा काफिलों पर हमले लगातार जारी हैं। इसके साथ ही अफगानिस्तान सीमा पर भी तनाव बना हुआ है, जहाँ तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकी लगातार सुरक्षाबलों को निशाना बना रहे हैं।