पाकिस्तान के ड्रोन ने LoC पर की घुसपैठ की कोशिश, भारतीय सेना ने फायरिंग कर खदेड़ा: इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से संदिग्ध गतिविधि सामने आई है। रविवार (1 मार्च 2026) को भारतीय सेना ने सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी ड्रोन को समय रहते पहचान लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डिगवार इलाके में तैनात जवानों ने सुबह करीब 6:10 बजे आसमान में संदिग्ध मूवमेंट देखी। पहले से अलर्ट मोड में मौजूद सेना ने बिना देरी किए जवाबी फायरिंग की जिसके बाद ड्रोन भारतीय सीमा में ज्यादा देर तक नहीं टिक सका और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की ओर लौट गया।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ड्रोन का इस्तेमाल अक्सर हथियारों की तस्करी, नशीले पदार्थों की सप्लाई या जासूसी के मकसद से किया जाता है, इसलिए इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। इसके बाद पूरे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन द्वारा किसी तरह की संदिग्ध सामग्री न गिराई गई हो।

url- Pakistani drone enters Indian side along LoC in Jammu kashmir Poonch Army opens fire