CM योगी की हत्या करने पाकिस्तान से आया इरफान, नेपाल के रास्ते ली एंट्री: राजस्थान में ट्रेन से गिरकर हुआ घायल, बोला- आतंकियों से मिले थे ₹10 लाख

पाकिस्तान का इरफान खान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हत्या करने के लिए अवैध तरीके से नेपाल के रास्ते भारत में घुसा। इसके लिए आतंकी संगठन ने इरफान को ₹10 लाख रुपए दिए। राजस्थान के बूंदी जिले में दिल्ली-मुंबई ट्रेन से गिरकर घायल हुआ इरफान ने यह जानकारी पुलिस पूछताछ में दी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को इरफान के पास 1920 यूरो और 45 हजार रुपए मिले हैं। अब जाँच एजेंसी इरफान से पूछताछ कर रही हैं। लेकिन वो बार-बार अपना बयान बदल रहा है। उसने अपनी पहचान पाकिस्तान के सिंध प्रांत के अलमसा गाँव बताई।

अधिकारियों ने बताया कि उसके पास पासपोर्ट नहीं है। वह नेपाल के रास्ते भारत आया है। पूछताछ में उसने पहले बताया कि वह मुंबई जा रहा था। फिर कहने लगा कि राजस्थान में ही रोजगार तलाशने आया है। इरफान के पास से अलग-अलग ट्रेन के 6 टिकट मिले हैं और एक बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना की रसीद भी मिली है।