भारत को देख बदले पाकिस्तानी आतंकी के जज्बात, हेयर क्लिनिक जाकर करवाने लगा हेयर ट्रांसप्लांट: NIA ने दबोचा तो बोला- मुझे जैसा बताया गया था कश्मीर वैसा नहीं है

पाकिस्तान का लश्कर आतंकवादी मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ चीनी भारत में आतंकी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए कश्मीर के रास्ते भारत में घुसा था। वह यहाँ स्लीपर सेल बना रहा था, लेकिन उसके कथित तौर पर अपने ‘मिशन’ को रोककर श्रीनगर में हेयर ट्रांसप्लांट कराया।

वह लाहौर का रहने वाला है। एनआईए ने उसे दबोच लिया है और मामले की जाँच की जा रही है। उसने एनआईए को पूछताछ में बताया है कि वह कहाँ-कहाँ गया और किन-किन लोगों से मिला।

NIA अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तानी आतंकवादी प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य है और भारत में हमला करने के मकसद से घुसा था। उसने कथित तौर पर श्रीनगर में हेयर ट्रांसप्लांट करवाने के लिए अपने मिशन को रोक दिया था। दरअसल वह कश्मीर के माहौल को लेकर उलझन में पड़ गया। उसने जैसा सुना और सोचा था, वैसा कश्मीर नहीं है। इसके बाद उसका ध्यान अपने घटते बालों की तरफ गया, वह हेयर क्लिनिक गया और ट्रांसप्लांट कराया।

आतंकी हमला करने के लिए कश्मीर में घुसा था पाकिस्तानी आतंकी

पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद उस्मान जट्ट, चीनी के नाम से आतंकियों के बीच मशहूर है। वह लश्कर-ए-तैयबा की ओर से आतंकी हमला करने के पाकिस्तानी आकाओं से मिले निर्देशों का पालन करने के लिए जम्मू-कश्मीर में घुसा था।

अधिकारियों ने बताया कि लाहौर का रहने वाला जट्ट घाटी के उत्तरी इलाके से घुसपैठ करने के बाद उत्तरी और मध्य कश्मीर में सक्रिय था। वह लश्कर का एक प्रशिक्षित सदस्य है। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर उन जगहों के बारे में जानकारी दी, जहाँ वह कश्मीर में घुसने के बाद रुका था, और उन लोगों के बारे में भी बताया जिनसे वह मिला था।