संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त, PM मोदी-ओम बिरला के साथ प्रियंका गाँधी की चाय पर चर्चा: ठहाके लगाते दिखे सत्ता पक्ष और विपक्ष के मंत्री-सांसद

संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त होने के बाद संसद परिसर में एक दिलचस्प और सियासी तौर पर अहम नजारा देखने को मिला। शीतकालीन सत्र के खत्म होने पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संसद के पार्लियामेंट हाउस में अपने चैंबर में लोकसभा में पार्टियों के नेताओं और सांसदों के साथ एक मीटिंग की। इस मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। इस अनौपचारिक बैठक में कॉन्ग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और किरण रिजिजू समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

विपक्ष की ओर से एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के राजीव राय और धर्मेंद्र यादव, डीएमके सांसद ए राजा सहित विभिन्न दलों के फ्लोर लीडर भी इस चर्चा में शामिल हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रियंका गाँधी के बीच वायनाड से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। इस चर्चा के दौरान पीएम मोदी समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद मंत्री ठहाके लगाते हुए नजर आए।

चाय पर हुई चर्चा में संसद के कामकाज, सत्र की उपयोगिता और कार्यवाही को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। सांसदों ने प्रधानमंत्री के समक्ष नए संसद भवन में एक समर्पित हॉल की आवश्यकता का मुद्दा उठाया। इस पर एक वरिष्ठ मंत्री ने बताया कि पुराने संसद भवन में भी ऐसी व्यवस्था थी लेकिन उसका उपयोग बहुत सीमित रहा था।

बैठक में यह भी कहा गया कि सत्र उपयोगी रहा। हालाँकि, इसे और लंबा चलाया जा सकता था क्योंकि देर रात तक विधेयकों को पारित करना आदर्श स्थिति नहीं मानी जाती। हल्के-फुल्के अंदाज में विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र हुआ, जिस पर प्रधानमंत्री ने मुस्कराते हुए टिप्पणी की।