खान सर की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस की रेड शुरू, कोचिंग पर फायरिंग मामले में हत्या की कोशिश की FIR दर्ज: KGS के 2 गार्ड भेजे गए जेल

पटना के मशहूर ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ कोचिंग सेंटर पर हुई फायरिंग के मामले में खान सर (फैसल खान) की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। नए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने FIR में खान सर का नाम भी शामिल कर लिया है।

पटना में खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कदमकुआं थाने में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस को झूठी जानकारी देने के आरोप में यह मामला दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि कोचिंग के बाहर जब फायरिंग हुई, तो सबूत मिटाने के लिए बुलेट के खोखे (पैलेट) को छिपाने की कोशिश की गई। इस गड़बड़ी के आरोप में खान सर के दो सुरक्षा गार्ड्स को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

2 जून की रात को क्या हुआ था?

यह पूरा मामला 2 जून की रात का है, जब खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था। खान सर का दावा था कि बदमाशों ने कई राउंड गोलियाँ चलाईं और उनके गार्ड्स ने आत्मरक्षा (Self Defense) में गोलीबारी की। हालाँकि, जब दूसरे पक्ष ने घटना का वीडियो जारी किया, तो कहानी बदल गई। पुलिस अब हर सबूत को ध्यान में रखकर आगे की जाँच कर रही है।