‘तेजस क्रैश’ पर पाकिस्तान का प्रोपेगेंडा बेनकाब, एयर चीफ मार्शल का ‘PAK की वायुसेना बेहतर है’ कहते AI वीडियो किया सर्कुलेट: PIB ने खोली पोल

पिछले दिनों एक वीडियो सामने आया, जिसमें दुबई एयरशो में भारतीय तेजस क्रैश होने की खबरें तेज हो गईं। वीडियो में तेजस हवा में कलाबाजी लगा रहा था कि तभी अचानक एयरक्राफ्ट जमीन से टकरा जाता है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर भारत की आलोचना करते हुए खूब वायरल किया जाता है।

इसके बाद भारतीय वायुसेना ने भी अधिकारिक बयान जारी कर दुबई एयरशो में तेजस क्रैश होने की पुष्टि की। शुरुआत में वायुसेना ने बताया कि तेजस उड़ा रहे पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल को गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही घटना की जाँच के लिए आश्वस्त किया। लेकिन अगले ही दिन इलाज के दौरान पायलट ने अपनी जान गंवा दी। रविवार (23 नवंबर 2025) को ही पायलट नमांश स्याल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक घर पहुँचा, जहाँ लाखों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुँचे।

तेजस क्रैश पर PM मोदी की आलोचना का फर्जी वीडियो

इसी बीच पाकिस्तान में बैठे लोग ‘तेजस’ पर फर्जी प्रोपेगेंडा चलाने लगे। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी अकाउंट्स ने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से लेकर रिटायर्ड आर्मी अफसर के कुछ बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया। इन सभी फर्जी प्रोपेगेंडा को सरकार की फैक्टचेक एजेंसी PIB Fact Check ने ध्वस्त कर दिया।

सबसे पहले रिटायर्ड आर्मी अफसर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लो के बयान को वायरल किया, जिसमें वह दुबई एयरशो में तेजस क्रैश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते दिख रहे हैं।

इस वीडियो को PIB ने फैक्टचेक करते हुए बताया कि केजेएस ढिल्लो ने ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है। PIB ने इसे AI-जेनरेटेड वीडियो करार देते हुए कहा कि इसका मकसद फालतू जानकारी देना और भारतीय सशस्त्र बलों में विश्वास कमजोर करना है।

एयर चीफ मार्शल के पाकिस्तानी वायुसेना की तारीफ करने का दावा

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के तेजस क्रैश को लेकर भी कुछ बयानों को प्रसारित किया गया। इनमें दावा किया गया कि एयर चीफ मार्शल सिंह को पाकिस्तान वायुसेना की तारीफ की है और भारतीय वायुसेना को कमतर आँका है।

एक वीडियो सामने आया, जिसमें एयर चीफ मार्शल कहते दिख रहे हैं, “हाल के दिनों में हमने काफी जेट विमान गँवाए हैं। पाकिस्तानी वायुसेना हमसे कहीं आगे है और मुझे यह कहने में कोई हर्ज नहीं कि जैसे ही पाकिस्तान और भारत के बीच रिश्ते सुधरेंगे, हम अपने पायलटों को प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान भेजेंगे।”

इस वीडियो में किए गए दावे को PIB ने नकार दिया। PIB ने कहा कि एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। यह गलत सूचना फैलाने और भारतीय वायुसेना में विश्वास कम करने की कोशिश है।

भारतीय वायुसेना का ‘तेजस’ छोड़ने का दावा करता लेटर

इस बीच एक लेटर भी सामने आया, जिसे कथित तौर पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के हस्ताक्षर हैं। यह लेटर दावा करता है कि भारतीय वायुसेना तेजस फाइटर जेट को छोड़ने की योजना बना रहा है।

PIB ने इस लेटर को फर्जी बताया और कहा कि एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है। PIB ने सचेत किया कि बिना सोर्स के जानकारी साझा करने से बचें और सटीक जानकारी के लिए केवल भारत सरकार के अधिकारिक सोर्स पर ही भरोसा करें।