अयोध्या के श्री राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश का पर्दाफाश हो गया है। जाँच एजेंसियों ने कर्नाटक के दावणगेरे से 20 साल के आतंकी सुहेल को गिरफ्तार किया है, जिसने राम मंदिर को निशाना बनाने की योजना कबूली है। सुहेल के मोबाइल फोन में पाकिस्तानी नंबर, संदिग्ध व्हाट्स्ऐप ग्रुप और हथियारों के साथ लिए गए फोटो भी मिले हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकी सुहेल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। एनआईए और एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कर्नाटक से दबोचा है। कर्नाटक से सुहेल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीमों ने सहारनपुर में भी कई जगह छापेमारी की। सहारनपुर पुलिस ने सुहेल के अब्बा से भी पूछताछ की है। कर्नाटक में रहकर सुहेल पेंटर का काम कर रहा था। पुलिस पूछताछ में सुहेल ने बताया कि राम मंदिर में बम ब्लास्ट की साजिश रची जा रही है।
पुलिस ने सुहेल के मोबाइल फोन की भी जाँच की है। उसके मोबाइल फोन में पाकिस्तान का एक नंबर मिला है, जिसे उसने राणा बॉय के नाम से सेव कर रखा था। सुहेल के मोबाइल गैलरी में हथियारों के साथ उसके फोटो भी मिले हैं, जिन्हें जाँच एजेंसी जाँच के लिए महत्वपूर्ण मान रही है।
जाँच एजेंसियाँ अब आतंकी के साथियों की तलाश कर रही है, यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं वो पाकिस्तानी की खुफिया एजेंसी ISI के लिए तो काम नहीं कर रहा था। पुलिस हर एंगल से इस मामले की जाँच में जुटी है।

