प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (28 सितंबर 2025) को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 126वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने इस बार सबसे पहले शहीद भगत सिंह और सुर साम्राज्ञी स्वर्गीय लता मंगेशकर को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
पीएम मोदी ने कहा, “अमर शहीद भगत सिंह, हर भारतवासी, विशेषकर देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणापुंज है। निर्भीकता उनके स्वभाव में कूट-कूट कर भरी थी। उन्होंने कहा था कि मैं चाहता हूँ कि आप मुझे और मेरे साथियों से युद्धबंदी जैसा व्यवहार करें। इसलिए हमारी जान फाँसी से नहीं, सीधा गोली मार कर ली जाए। यह उनके अदम्य साहस का प्रमाण है।”
Sharing this month's #MannKiBaat. Do hear!
— Narendra Modi (@narendramodi) September 28, 2025
https://t.co/oKMc16cIzt
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज लता मंगेशकर की जयंती है। भारतीय संस्कृति और संगीत में रुचि रखने वाला कोई भी उनके गीतों को सुनकर अभिभूत हुए बिना नहीं रह सकता। उनके गीतों में वो सब कुछ है जो मानवीय संवेदनाओं को झकझोरता है। लता दीदी जिन महान विभूतियों से प्रेरित थीं उनमें वीर सावरकर भी एक हैं, जिन्हें वो तात्या कहती थीं। उन्होंने वीर सावरकर जी के कई गीतों को भी अपने सुरों में पिरोया।”
मन की बात के 126वें एपिसोड में भारतीय नौसेना की दो अधिकारियों से परिचय कराते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारतीय नौसेना के दो बहादुर अधिकारियों ने नाविका सागर परिक्रमा के दौरान साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। मैं ‘मन की बात’ के श्रोताओं को इन दो बहादुर अधिकारियों से परिचित कराना चाहता हूँ। एक लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना हैं और दूसरी लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा हैं।”
देशवासियों से स्वदेशी चीजें अपनाने का आग्रह करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “2 अक्टूबर को गाँधी जयंती है। गाँधी जी ने हमेशा स्वदेशी को अपनाने पर बल दिया और इनमें खादी सबसे प्रमुख थी। मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि 2 अक्टूबर को कोई ना कोई खादी सामान जरूर खरीदें और गर्व से कहें ये स्वदेशी हैं।”
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत सरकार छठ महापर्व को UNESCO की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के लिए प्रयासरत है। जब छठ पूजा UNESCO की सूची में शामिल हो जाएगी, तो दुनिया के हर कोने में लोग इसकी भव्यता और दिव्यता का अनुभव कर सकेंगे।” उन्होंने कहा, “कुछ समय पहले भारत सरकार के ऐसे ही प्रयासों से कोलकाता की दुर्गा पूजा भी UNESCO की इस सूची का हिस्सा बनी है।”
इसके साथ ही पीएम मोदी ने RSS की सेवाओं का भी जिक्र किया है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में गायक जुबीन गर्ग और लेखक व विचारक एस. एल. भैरप्पा के निधन पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आने वाले त्योहारों में लोगों से ‘वोकल फोर लोकल’ को खरीदारी का मंत्र बनाने का आग्रह किया है।
पीएम मोदी ने कहा, “अगर हम ठान लें कि इस बार त्योहार सिर्फ स्वदेशी चीजों से ही मनाएँगे, तो देखिएगा, हमारे उत्सव की रौनक कई गुना बढ़ जाएगी। ठान लीजिए, हमेशा के लिए, जो देश में तैयार हुआ है वही खरीदेंगे।” उन्होंने कहा, “जिसमें देश के किसी नागरिक की मेहनत है, उसी सामान का उपयोग करेंगे। जब हम ऐसा करते हैं, तो हम सिर्फ कोई सामान नहीं खरीदते, हम किसी परिवार की उम्मीद घर लाते हैं।”

