असम चुनाव से पहले BJP कार्यकर्ताओं को PM मोदी ने दिया जीत का मंत्र, संवाद से पार्टी को मजबूत करने की कही बात: अस्मिता और सुरक्षा से जोड़ा घुसपैठ का मुद्दा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (30 मार्च 2026) को असम विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि असम में भाजपा-एनडीए की हैट्रिक के लिए कड़ी मेहनत करें। पीएम मोदी ने घुसपैठ के मुद्दे को असम की अस्मिता और सुरक्षा से जोड़ा।

प्रधानमंत्री ने कहा, “असम में भाजपा-एनडीए का जबरदस्त जनाधार है। लेकिन मैं इस बारे में आपके विचार जानना चाहता हूँ।” उन्होंने बताया कि असम ने लंबे समय तक अस्थिरता का दौर देखा है लेकिन बीते एक दशक में चीजें बदली हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पहली बार मतदान करने वालों को असम में पिछली कॉन्ग्रेस सरकारों का दौर याद दिलाने की जरूरत है।

उन्होंने चेतावनी दी कि छोटी सी भी गलती राज्य को पीछे धकेल सकती है। पीएम मोदी ने जोर दिया कि राज्य के विकास के लिए शांति प्राथमिक आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि असम में विधानसभा चुनाव के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी वीडियो के प्रति लोगों को सचेत करें।

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, “कॉन्ग्रेस के शासन के दौरान उग्रवादियों और छात्र संगठनों के साथ जो समझौते हुए वे कोई काम नहीं कर पाए। कांग्रेस ने बोडो के मुद्दे पर विश्वासघात किया।” पीएम मोदी ने आगे कहा, “पूरे भारत में महिलाओं की पहली पसंद है भाजपा की डबल इंजन सरकार।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि मतदाताओं को पश्चिम बंगाल में चाय बागान के मजदूरों की समस्याओं के बारे में बताएँ। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार की योजनाएँ भी रोक दी गई थीं। अगर कोई पश्चिम बंगाल और भाजपा शासित राज्यों में चाय बागानों की स्थिति की तुलना करे तो उसे डबल इंजन सरकार का महत्व समझ आएगा।

पीएम मोदी ने कहा, “असम मतदान के रिकॉर्ड तोड़ेगा। लेकिन हमें जीत के रिकॉर्ड भी तोड़ने होंगे। इसके लिए हमें बूथ स्तर पर रिकॉर्ड बनाने होंगे।” असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए चुनाव 9 अप्रैल को होंगे जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा, “सभी कार्यकर्ता साथियों का मैं अभिनंदन करता हूँ। मैं भी आपकी तरह एक कार्यकर्ता ही हूँ, और पार्टी जो दायित्व सौंपती है, उसे निभाने के लिए जो भी मुझसे हो सकता है करता हूँ। मुझे असम में आपके बीच आकर काम करना होता है, इस दौरान आप में से बहुत सारे साथियों के दर्शन का सौभाग्य मिलता है। आज बूथ स्तर पर काम करने वाले आप सभी कार्यकर्ताओं से बात करने का अवसर मिला है।”

पीएम मोदी ने कहा, “हर कार्यकर्ता के मन में एक ही भाव, एक ही संकल्प है- ‘Mera Booth Sabse Mazboot’। असम में भाजपा-एनडीए की हैट्रिक लगे, इसके लिए आप सभी मेहनत कर रहे हैं। मैं जानता हूँ, असम में भाजपा-एनडीए को लेकर बहुत अधिक समर्थन है। लेकिन आप लोग जमीन पर जो अनुभव कर रहे हैं, उन्हें जानने के लिए मैं उत्सुक हूँ।”