‘मौत के लिए आ रहे हैं…’ PM मोदी को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जान से मारने की धमकी, फेडरल पुलिस ने शुरू की जाँच: पढ़ें- ‘अबू मुस्तफा’ ने क्या-क्या लिखा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 जुलाई को होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उन्हें ‘जान से मारने’ की धमकी दी गई है जिसके बाद वहाँ की सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट पर हैं। यह धमकी मेलबर्न में आयोजित होने वाले ‘Melbourne Meets Modi’ कार्यक्रम से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट पर दी गई, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने जाँच शुरू कर दी है।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फेसबुक पर अबू मुस्तफा नाम के अकाउंट से कमेंट किया गया, जिसमें लिखा गया, “बेहतर होगा कि कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रहे, वरना वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आ रहे हैं।” यह कमेंट सामने आते ही मामले की जानकारी ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस को दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, जाँच एजेंसियों ने इस पोस्ट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि कमेंट किसने किया, इसके पीछे क्या मंशा थी और क्या इस मामले में किसी आपराधिक कानून का उल्लंघन हुआ है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जाँच जारी है।

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे और मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।