‘दुनिया का दूसरा बड़ा Domestic Aviation बना भारत, एयरपोर्ट की संख्या 160 पार’: PM मोदी ने मुंबई को दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सौंपा, मेट्रो लाइन-3 का भी किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (8 अक्टूबर 2025) को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (NMIA) के पहले चरण का उद्घाटन किया। यह भारत की सबसे बड़ी ‘ग्रीनफील्ड’ हवाई अड्डा परियोजना है, जिसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत बनाया गया है। पहले चरण के निर्माण पर लगभग 19,650 करोड़ रुपए की लागत आई है। इसके साथ पीएम ने मेट्रो लाइन-3 के अंतमि चरण को भी देश को समर्पित किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधन में कहा, “भारत दुनिया का दूसरा बड़ा Domestic Aviation बना है। भारत की हवाई जहाज बनाने वाली कंपनियों को एक हजार नए हवाई जहाज का ऑर्डर बुक पड़ा है। इससे नए कैबिन क्रू, इंजीनियर्स को रोजगार बढ़ रहा है। इस दशक के अंत तक भारत एक MRO हब बनेगा। आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। हमारी ताकत हमारे नौजवान। हमारी हर नीति का फोकस युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार देने पर है।”

पीएम मोदी ने कहा, मुंबई भारत का सबसे वाइब्रेंट शहरों में से एक है। राष्ट्र नीति ही राजनीति का आधार है। दूसरी तरफ एक ऐसी राजनीतिक धारा रही है, जो सत्ता की सुविधा को ऊपर रखती है। घोटाले कर विकास के प्रोजेक्ट्स को पटरी से उतार देते हैं। आज जिस मेट्रो लाइन का उद्घाटन हुआ है, वे उन कारनामों को याद दिलाता है। मुंबई में एक-एक मिनट का महत्व है, मेट्रो लाइन बनने से 2 से 2.5 घंटे का सफर अब 30 मिनट में होगा।

देश में एयरपोर्ट की संख्या 160 के पार: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “साल 2014 में जब देश ने मुझे अवसर दिया तो मैंने कहा था कि मेरा सपना है हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर कर सके। इस सपने को पूरा करने के लिए बहुत जरूरी था कि देश में नए-नए एयरपोर्ट बनाए जाएँ।”

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने इस मिशन पर गंभीरता से काम करना शुरू किया। बीते 11 साल में देश में एक के बाद एक एयरपोर्ट बनते चले गए। साल 2014 में हमारे देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, आज भारत में एयरपोर्ट की संख्या 160 को पार कर गई है।”

कॉन्ग्रेस नेता का कबूलनामा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉन्ग्रेस नेता पी चिंदबरम के हाल ही में दिए गए बयान का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा, “हाल ही में कॉन्ग्रेस नेता, जो देश के गृह मंत्री तक रह चुके हैं। उन्होंने खुलासा किया है कि हमारी सेनाएँ पाकिस्तान पर हमला करने को तैयार थी, पूरा देश भी यही चाहता था।”

उन्होंने कहा, “लेकिन किसी दूसरे देश के दबाव के कारण कॉन्ग्रेस सरकार ने भारत की सेनाओं को पाकिस्तान पर हमला करने से रोक दिया था। कॉन्ग्रेस को बताना होगा कि जिसने विदेशी दबाव में फैसला लिया, जिसने मुंबई की और देश की भावनाओं से खिलवाड़ किया। देश को यह जानने का हक है। इसने ही आतंकियों को मजबूत किया, जिसकी कीमत देश को बार-बार जाने गँवाकर चुकानी पड़ी।”

नए GST रिफॉर्म ने बिक्री के रिकॉर्ड तोड़े

प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने बताया, “इस बार नवरात्र में बिक्री के कई सालों के रिकॉर्ड टूट गए हैं। लोगों ने टीवी, वॉशिंग मशीन और सबकुछ खरीद रहे हैं। ये नए gst रिफॉर्म का नतीजा है।”

पीएम ने स्वदेशी अपनाने का आग्रह करते हुए कहा, “स्वदेशी को अपनाएँ, गर्व से कहो कि ये स्वदेशी है। ये हर घर और बाजार का मंत्र होना चाहिए। हर देशवासी स्वदेशी कपड़े खरीदेगा, स्वदेशी सामान घर लाएगा तो देश का पैसा देश में ही लगेगा। इससे भारत के लोगों को ही रोजगार मिलेगा।”

मुंबई को मिलेगा दूसरा एयरपोर्ट, CSMIA में होगी भीड़ कम

NMIA, मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। यह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) के साथ मिलकर काम करेगा ताकि वहाँ की भीड़ कम की जा सके और मुंबई को दुनिया के प्रमुख मल्टी-एयरपोर्ट सिस्टम वाले शहरों की श्रेणी में शामिल किया जा सके।

नवी मुंबई हवाई अड्डे से उड़ानें दिसंबर 2025 से शुरू होने की संभावना है जबकि टिकटों की बिक्री अक्टूबर 2025 के अंत तक शुरू हो सकती है। शुरुआती दौर में इंडिगो, अकासा एयर और एअर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस यहाँ से उड़ान भरेंगी।

यह हवाई अड्डा आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस है। इसमें 3,700 मीटर लंबा रनवे, अत्याधुनिक यात्री टर्मिनल, और उन्नत एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम शामिल हैं। NMIA घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद Mumbai One ऐप का भी उद्घाटन किया। इस एक ऐप से ही यात्री मुंबई महानगर क्षेत्र में 11 सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों में अपनी पूरी यात्रा की योजना बना सकेंगे, बुकिंग कर सकेंगे और भुगतान कर सकेंगे।