PM मोदी ने कॉन्ग्रेस को बताया मुस्लिम लीगी माओवादी कॉन्ग्रेस, कहा- ये लेफ्ट पार्टियों से भी ज्यादा लेफ्ट: हैदराबाद में बोले- BJP के विकास मॉडल पर जनता की मुहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई2026) को हैदराबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कॉन्ग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस की प्राथमिकता अब जनता की सेवा करना नहीं है। कॉन्ग्रेस देश बाँटने वाली नफरती राजनीति का मुख्य आधार बन गई है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि कॉन्ग्रेस लेफ्ट पार्टियों से भी ज्यादा लेफ्ट यानी पक्की और विकृत माओवादी हो गई है तथा मुस्लिम लीग से भी ज्यादा कट्टर मुस्लिम लीगी बन गई है। इसलिए लोग अब कॉन्ग्रेस को एमएमसी यानी मुस्लिम लीगी माओवादी कॉन्ग्रेस कह रहे हैं।

पीएम मोदी ने तेलंगाना की जनता की भावनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि लोग कॉन्ग्रेस और बीआरएस की वादाखिलाफी तथा परिवारवादी राजनीति से तंग आ चुके हैं। इसलिए तेलंगाना बदलाव चाहता है। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा का हमेशा का मंत्र रहा है- राज्य के विकास से देश का विकास।

प्रधानमंत्री ने बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि बंगाल ने राजनीति के भयावह तानाशाही मॉडल को पराजित किया है। पूरे देश में उत्सव का माहौल है। ऐसा लग रहा है कि बंगाल के लोग वर्षों बाद खुले में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि असम से ओडिशा और बंगाल से पुडुचेरी तक यह सिर्फ चुनावी विस्तार नहीं बल्कि भारत के राजनीतिक मानस में आए उस परिवर्तन का संकेत है जहां जनता अब वंशवाद नहीं विश्वासवाद चुन रही है।

पीएम मोदी ने बताया कि बंगाल में सिर्फ राजनीतिक दलों की हार-जीत नहीं हुई बल्कि एक ऐसी राजनीति को हराया गया जिसने बंगाल की जनता को गुलामी की बेड़ियों में जकड़ रखा था। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने देश में भ्रष्टाचार बढ़ाया, परिवारवाद बढ़ाया और संवैधानिक संस्थाओं का गला घोंटा। जब टीएमसी बनी तो उसने कॉन्ग्रेस की सारी बुराइयां सीख लीं। लेफ्ट की बुरी आदतें भी अपना लीं और फिर टीएमसी ने भारत की राजनीति का सबसे तिरस्कृत और खतरनाक मॉडल विकसित किया।

प्रधानमंत्री ने भाजपा की हालिया जीतों का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के 75 साल बाद असम में भाजपा सरकार की हैट्रिक लगी है और पुडुचेरी में भी भाजपा-एनडीए सरकार दोबारा वापस आई है। उन्होंने कहा कि बंगाल में कल पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री ने शपथ ली और पहली बार प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनी है। इस ऐतिहासिक विजय का उत्साह तेलंगाना में भी दिख रहा है। यहां भाजपा का हर कार्यकर्ता जोश से भरा हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश के कोने-कोने में भाजपा पर जनता का आशीर्वाद निरंतर बढ़ रहा है। लोग बार-बार भाजपा के विकास मॉडल और गुड गवर्नेंस पर अपनी मुहर लगा रहे हैं। तेलंगाना में हर कोई एक ही बात कह रहा है- अबकी बार तेलंगाना में भी भाजपा सरकार, मोदी सरकार। रैली के दौरान पीएम मोदी ने चित्र लेकर खड़े लोगों से अपील की कि आप बैठ जाइए या फिर डाक से चित्र भेज दीजिएगा।