जोहान्सबर्ग में ‘गंगा मैया’ गीत सुन भाव-विभोर हुए प्रधानमंत्री मोदी, ताली बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया: बच्चे भी करते दिखे ‘शांति’ पाठ, आप भी देखें Video

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग पहुँच गए हैं। एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय ने उनका शानदार स्वागत किया। इस दौरान गिरमिटिया समुदाय के सदस्यों ने प्रसिद्ध गीत ‘गंगा मैया’ को तमिल भाषा में प्रस्तुत किया, जिसे देखकर पीएम मोदी भावुक हो गए। पीएम मोदी ने इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे खुशी और भावनाओं से भरा पल बताया। दक्षिण अफ्रीका पहली बार जी-20 की मेजबानी कर रहा है।

भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत

जोहान्सबर्ग पहुँचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस स्वागत को और भी खास बना दिया गया, जब गिरमिटिया समुदाय के सदस्यों ने ‘गंगा मैया’ गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। यह गीत तमिल भाषा में गाया गया, जिसने पूरे माहौल को भावुक कर दिया। स्वागत के दौरान बच्चों ने शांति मंत्र ‘ओम सहाना वावतु’ का जाप भी किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद कलाकारों ने झुककर पीएम मोदी को सम्मान दिया।

पीएम मोदी ने साझा किया भावनात्मक अनुभव

प्रधानमंत्री मोदी ने इस सांस्कृतिक प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि यह प्रदर्शन देखकर उन्हें बहुत खुशी मिली और यह उनके लिए भावुक करने वाला अनुभव था।

पीएम मोदी ने कहा कि यह गाना उन लोगों की उम्मीद और अटूट जिजीविषा को समेटे हुए है, जो कई साल पहले यहाँ आए थे। उन्होंने मुश्किलों का सामना किया, लेकिन गानों और प्रार्थनाओं के जरिए भारत को अपने दिल में जिंदा रखा। उन्होंने कहा कि आज भी इन सांस्कृतिक संबंधों का कायम रहना तारीफ के काबिल है।

अफ्रीकी महाद्वीप में पहली बार G-20

यह जी-20 शिखर सम्मेलन इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार अफ्रीकी महाद्वीप इस आयोजन की मेजबानी कर रहा है। यह सम्मेलन 21 से 23 नवंबर 2025 तक चलेगा। अपनी इस यात्रा के दौरान भारत विश्व मंच पर ‘ग्लोबल साउथ’ (विकासशील देशों) के हितों और अपनी प्राथमिकताओं को मजबूती से रखेगा। यह प्रधानमंत्री मोदी की दक्षिण अफ्रीका की चौथी आधिकारिक यात्रा है।