प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (23 जनवरी 2026) की सुबह केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुँचे। चुनावी माहौल वाले राज्य में उनके दौरे को राजनीतिक और विकास दोनों ही नजरिए से अहम माना जा रहा है। उन्होंने चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च किया।
संबोधन के दौरान पीएम ने कहा, “आज मुझे यहाँ एक नई ऊर्जा दिख रही है। मुझे यहाँ नई उम्मीद दिख रही है। आपका जोश यह विश्वास दिलाता है कि अब केरल में बदलाव होकर रहेगा। यहाँ लेफ्टिस्ट इको सिस्टम को मेरी बात गले नहीं उतरेगी। लेकिन मैं आपको मजबूती के साथ तर्क और तथ्य के साथ बताउँगा।”
उन्होंने कहा, “1987 के पहले गुजरात में बीजेपी एक हाशिए की पार्टी थी अखबार में दो लाइन नहीं छपती थी। 1987 में पहली बार अहमदाबाद में नगर निगम में जीत हासिल की जैसे आज आपने तिरुवनंपुरम में हासिल की। यहाँ से केरल में भाजपा की नींव पड़ गई है।”
LDF और UDF के लोगों ने केरल को कुशासन की राजनीति में झोंक दिया: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत केरल की जनता को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि भगवान पद्मनाभ स्वामी की पावन धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। बसंत पंचमी, सरस्वती पूजा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती का उल्लेख करते हुए उन्होंने लोगों को शुभकामनाएँ दीं।
पीएम ने कहा कि केरल में उन्हें हमेशा अपार स्नेह और गर्मजोशी मिलती है और इस बार जनता का उत्साह कुछ खास नजर आ रहा है।
पीएम ने कहा, “आने वाले चुनाव केरल की दशा और दिशा बदलने का चुनाव है। जब केरल के भविष्य की बात आती है तो आपने अब तक दो पक्ष ही देखें हैं। एक तरफ LDF दूसरी तरफ UDF, दोनों ने केरल को तबाह किया है। तीसरा पक्ष डेवलेपमेंट का है, गुड गवर्नेंस का है, बीजेपी एनडीए का है। LDF, UDF के लोगों ने केरल को करप्शन और कुशासन की राजनीति में झोंक दिया है।”
पीएम ने कहा, “मैं जानता हूँ मैं देशभर में युवा, बालक आपनी भावना प्रकट करते हैं। मैं जानता हूँ इसके बाद मुझे प्रेम करने वाले लोग रील बनाते हैं। कुछ कहते हैं ये प्री प्लांड होता है। मैं ये सारी गाली सुनता हूँ, क्योंकि मैं आपका भाव समझता हूँ। इसलिए रील बनाने वालों की गाली खाता रहूँगा, लेकिन बच्चें का अपमान नहीं कर सकता। रील जितनी बनानी है बना लें जनता के प्रति मेरा भाव इस रील से लाखों गुना ताकतवर है।’
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी केंद्र सरकार का आभार जताया और कहा कि ये परियोजनाएँ राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
गरीबों, रेहड़ी-पटरी वालों और शहरी विकास पर केंद्र का फोकस
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च करने की घोषणा की। इससे देशभर के स्ट्रीट वेंडर्स और फुटपाथ पर काम करने वालों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले क्रेडिट कार्ड सिर्फ अमीरों के पास होते थे, लेकिन अब गरीबों के हाथ में भी बैंकिंग सुविधाएँ हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि सरकार अब बिना गारंटी के लोन देने में खुद गारंटर बन रही है, जिससे गरीब, महिलाएँ, एससी-एसटी वर्ग के लोग आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने यह भी कहा कि बीते 11 वर्षों में शहरी बुनियादी ढाँचे पर बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में करोड़ों पक्के मकान बनाए गए हैं, जिनमें केरल के सवा लाख से अधिक परिवारों को घर मिला है। आयकर छूट बढ़ाकर 12 लाख रुपए किए जाने का फायदा भी राज्य के लोगों को मिला है।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा के झंडों से सजा रास्ता
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो थंपानूर ओवरब्रिज से शुरू होकर पुथारिकंदम मैदान तक निकाला गया। खुली गाड़ी के फुटबोर्ड पर खड़े होकर पीएम मोदी ने सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों का अभिवादन किया। भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक केसरिया टोपी पहने, हाथों में पार्टी के झंडे और ‘विकसित केरल’ के पोस्टर लिए नजर आए। कई जगहों पर फूलों की बारिश कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वेशभूषा में नाचते लोगों ने पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया।
चार ट्रेनों को हरी झंडी, विकास परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम में आयोजित कार्यक्रम में चार नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और एक पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इन पहलों से केरल की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। साथ ही उन्होंने CSIR-NIIST इनोवेशन हब की आधारशिला रखी, पूजापुरा हेड पोस्ट ऑफिस भवन का उद्घाटन किया और तिरुवनंतपुरम को स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत की।

