प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (1 अगस्त 2026) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य देशभर के युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट कर उन्हें सामाजिक बदलाव का भागीदार बनाना है, ताकि ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को जनभागीदारी के माध्यम से साकार किया जा सके।
पीएम मोदी ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सबसे पहले वाराणसी से बीते साल इस कार्यक्रम को शुरू किया गया, जहाँ का मैं सांसद भी हूँ। अब से ये अभियान पूरे देश में शुरू हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि काशी से उठा वह कल्याणकारी विचार नेशनल प्रोजेक्ट बन गया है। आज से देश भर में नशामुक्त युवा अभियान शुरू हो रहा है। यह अभियान हर युवा वर्ग को जोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं ने थोड़ी देर पहले नशामुक्ति की शपथ ली है। यह संकल्प आने वाले 100 हफ्ते तक चलेगा। हर रविवार कला, संस्कृति, अध्यात्म और सेवा से जुड़ी गतिविधियाँ नशामुक्ति का संदेश नए लोगों तक पहुँचेगा। आने वाले 100 रविवार नशा मुक्त भारत की दिशा में 100 मजबूत कदम होंगे।”
उन्होंने कहा कि आज कॉलेज, स्कूल और यूनिवर्सिटी के लाखों छात्र इस कार्यक्रम से लाइव जुड़े हैं। NSS के नवजवान भी हमारे साथ मौजूद हैं। अभी इस समय 1 करोड़ से अधिक एक साथ हैं। आप सब इस मूवमेंट के लीडर हैं। पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं की ये संख्या बताती है कि भारत का युवा कितना गंभीर है। मैं आप सभी को इस अभियान के लिए अनेक-अनेक शुभकामनाएँ देता हूँ। आप भारत की अमृत पीढ़ी हैं। आप अगले 20-25 सालों में अपने जीवन को दिशा देंगे और देश को 2047 तक विकसित भारत की मंजिल तक ले जाएँगे। आप ही को उस विकसित भारत का रसपान करने का अवसर मिलने वाला है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में आगे आने और अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा यदि इस मुहिम का नेतृत्व करेंगे तो देश को नशामुक्त बनाने का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।
Speaking at the launch of 'Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat Sankalp Abhiyan', a 100-week campaign against substance abuse. I urge every citizen, especially our youth, to join this movement. https://t.co/ucvrcAyK4C
— Narendra Modi (@narendramodi) August 2, 2026
देशभर के 10 हजार स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रम, 1 करोड़ से अधिक युवाओं ने लिया संकल्प
अभियान की शुरुआत के साथ ही देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर एक साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया। यह अभियान ‘जन भागीदारी आंदोलन’ के रूप में शुरू किया गया है, जिसमें MY Bharat के युवा स्वयंसेवकों ने प्रमुख भूमिका निभाई।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नशा विरोधी अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इस पहल से जोड़कर जागरूक करें। सरकार का मानना है कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशे के खिलाफ व्यापक सामाजिक परिवर्तन लाया जा सकता है।
हर रविवार होंगे जागरूकता कार्यक्रम, उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलेगा सम्मान
सरकार ने बताया कि इस अभियान के तहत अब हर रविवार देशभर में जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, योग एवं ध्यान सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, कला और चित्रकला प्रतियोगिताएँ, चर्चा सत्र तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
अभियान को लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित भी किया जाएगा।
सरकार ने कहा कि इस अभियान का मूल संदेश “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं” है और इसी सोच के साथ युवाओं को स्वस्थ, जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बता दें कि यह कार्यक्रम देश भर में 28,000 से ज़्यादा जगहों पर आयोजित किया जा रहा है। इस लॉन्च कार्यक्रम में कई मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों ने भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में 125 से ज़्यादा आध्यात्मिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, संस्थानों, सार्वजनिक संगठनों और औद्योगिक संघों का सहयोग भी शामिल है। जिसमें ब्रह्माकुमारीज़, इस्कॉन, चिन्मय मिशन और ऑरोविले जैसे संगठन हैं।

