प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (30 नवंबर 2025) को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 128वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नवंबर का महीना बहुत सी प्रेरणाएँ लेकर आया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस पर केंद्रीय कक्ष में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि इस महीने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भव्य कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
इसके साथ ही पीएम ने अयोध्या में राम मंदिर परिसर में धर्मध्वजा का आरोहण और कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पंचजन्य स्मारक का लोकार्पण जैसी ऐतिहासिक घटनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
Sharing this month’s #MannKiBaat. Do listen! https://t.co/uW0SlTrsoC
— Narendra Modi (@narendramodi) November 30, 2025
प्रधानमंत्री ने बताया कि हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी LEAP इंजन MRO सुविधा का उद्घाटन किया गया, जो भारत को वैश्विक एविएशन में नई मजबूती देगा। इसके अलावा INS ‘माहे’ को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया, जिससे समुद्री सुरक्षा क्षमताएँ और बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा, “मेरे प्यारे देशवासियों, जब भारत के सुरक्षा तंत्र को मजबूती मिलती है तो सभी को खुशी होती है। पिछले दिनों आईएनएस माहे को लॉन्च किया गया। इसका माहे नाम, उस स्थान माहे के नाम पर रखा गया है, जिसकी समृद्ध विरासत रही है। केरल और तमिलनाडु के लोगों ने तारीफ की है। हमारी नौसेना तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही है। 4 दिसंबर को हम नौसेना दिवस मनाने जा रहे हैं। ये दिन हमारे बहादुर नौसेना जवानों को सम्मान देने का अवसर है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने मेरा ध्यान खींचा। ये वीडियो ISRO की एक अनोखी drone प्रतियोगिता का था। इस Video में हमारे देश के युवा और खासकर हमारे Gen-Z मंगल ग्रह जैसी परिस्थितियों में drone उड़ाने की कोशिश कर रहे थे। इस प्रतियोगिता में पुणे के युवाओं की एक टीम ने कुछ हद तक सफलता पाई। उनका drone भी कई बार गिरा, crash हुआ पर उन्होंने हार नहीं मानी। कई बार के प्रयास के बाद इस team का drone मंगल ग्रह की परिस्थिति में कुछ देर उड़ने में कामयाब रहा।” उन्होंने कहा कि युवाओं और वैज्ञानिकों की मेहनत और लगन देखकर खुशी होती है।
पीएम मोदी ने हरियाणा के महाभारत अनुभव केंद्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महाभारत का युद्ध हुआ था, ये हम सभी जानते हैं। लेकिन युद्ध के इस अनुभव को अब आप वहाँ महाभारत अनुभव केंद्र में भी साक्षात महसूस कर सकते हैं। इस अनुभव केंद्र में महाभारत की गाथा को 3D लाइट एंड साउंड शो और डिजिटल टेक्निक से दिखाया जा रहा है।”
प्रधानमंत्री ने महाराजा दिग्विजय सिंह का जिक्र करते हुए कहा, “दूसरे विश्व युद्ध की कल्पना कीजिए, जब चारों ओर विनाश का भयावह माहौल बना हुआ था। ऐसे मुश्किल समय में गुजरात के नवानगर के जाम साहब, महाराजा दिग्विजय सिंह जी ने जो महान कार्य किया, वो आज भी हमें प्रेरणा देता है। जाम साहब किसी सामरिक गठबंधन या युद्ध की रणनीति को लेकर नहीं सोच रहे थे। बल्कि उनकी चिंता ये थी कि कैसे विश्व युद्ध के बीच पोलिश यहूदी बच्चों की रक्षा हो। उन्होंने गुजरात में तब हजारों बच्चों को शरण देकर उन्हें नया जीवन दिया, जो आज भी एक मिसाल है।”
इस दौरान पीएम ने कहा “हमारी महिला टीम का Blind Cricket World Cup जीतना, बड़ी बात यह है कि हमारी इस टीम ने बिना एक भी मैच हारे, इस टूर्नामेंट को जीता है। देशवासियों को इस टीम की हर खिलाड़ी पर बहुत गर्व है।”
उन्होंने कहा, “कृषि क्षेत्र में भी देश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। भारत ने 357 मिलियन टन के खाद्यान्न उत्पादन के साथ एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। 10 साल पहले की तुलना में भारत का खाद्यान्न उत्पादन 100 मिलियन टन और बढ़ गया है।”

