प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (14 फरवरी 2026) को असम के दौरे पर गुवाहाटी पहुँचे, जहाँ उन्होंने ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया और इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने जहाँ बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की ताकत की जमकर सराहना की, वहीं कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला बोला।
कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला और सुरक्षा को लेकर बयान
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कॉन्ग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, “कॉन्ग्रेस केवल बयान देने में आगे है। कॉन्ग्रेस ने देश को हमेशा खतरे में रखा। कॉन्ग्रेस आतंकियों को कंधे पर बैठाती है।” उन्होंने कहा कि आज भारत दुश्मनों के घर में घुसकर मारता है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कॉन्ग्रेस के शासनकाल में असम के साथ भेदभाव हुआ और राज्य को विकास के लिए तरसाया गया। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस वह पार्टी है जो असम के विकास के लिए धन देने से भी कतराती है, ऐसे में क्या कॉन्ग्रेस असम का विकास कर सकते हैं?
#WATCH | Guwahati | PM Modi says, "In last 11 years, Assam has received more than Rs 5.5 lakh crore from the central government for varius development projects… Can the Congress, which avoids even giving money for Assam's development, develop Assam?… This year's budget has… pic.twitter.com/41rcLALdxE
— ANI (@ANI) February 14, 2026
असम और नॉर्थ ईस्ट के विकास पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 11 वर्षों में असम को मिले केंद्रीय सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा, “पिछले 11 सालों में केंद्र सरकार से असम के विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 5.5 लाख करोड़ से अधिक रुपए मिले हैं। उन्होंने बताया कि इस साल के बजट में खासतौर से पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
पीएम मोदी ने कहा, “कनेक्टिविटी बढ़ने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसलिए असम में सड़कों और हाईवे परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस बार असम को टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में लगभग 50 हजार करोड़ रुपए मिलने वाले हैं।
संगठन की ताकत और ऐतिहासिक उपलब्धियाँ
प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुत्र नदी में पर्यटन की संभावनाओं पर बात करते हुए कहा, “भविष्य में ब्रह्मपुत्र पर रिवर टूरिज्म को और बढ़ावा दिया जाएगा।” उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा, “मैं देश को बताना चाहता हूँ कि पर्यटन के लिए इससे बेहतर जगह कोई नहीं है। आइए, यह मेरा असम है, यह मेरी ब्रह्मपुत्र है।”
संगठन की भूमिका पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी आज जिस ऊँचाई पर है, वह केवल और केवल उन समर्पित कार्यकर्ताओं की वजह से संभव हुआ है।”
वहीं मोरन हाईवे पर एयरफोर्स विमान की लैंडिंग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “मैं कुछ देर पहले एयरफोर्स के विमान से मोरन हाईवे पर उतरा। रनवे पर नहीं, हाईवे पर लैंडिंग हुई। इतिहास रचा गया। आज यहाँ ऐसे हाईवे बन रहे हैं, जहाँ सिर्फ गाड़ियाँ ही नहीं, हवाई जहाज भी उतर सकते हैं।”

