PM मोदी ने बच्ची के कँधे पर दिया ऑटोग्राफ, News18 ने एडिट कर छाती पर पहुँचा दी कलम: भड़के नेटिजन्स ने लगाई क्लास, तो फोटो डिलीट कर माँगने लगा माफी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान दिखाई गई एक फर्जी तस्वीर को लेकर न्यूज 18 ने माफी माँगनी पड़ी। News18 ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक AI से बनी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर एक बालिका खिलाड़ी (गर्ल प्लेयर) को उसकी छाती पर ऑटोग्राफ दे रहे हैं। लेकिन असल में इस तस्वीर की सच्चाई कुछ और है।

News18 की इस फर्जी तस्वीर को तुरंत सोशल मीडिया यूजर्स ने पकड़ लिया और मीडिया संस्थान के खिलाफ कार्रवाई करने की माँग की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे पॉक्सो (POCSO) और आईटी एक्ट का गंभीर उल्लंघन बताते हुए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) से स्वतः संज्ञान लेने की माँग की।

विवाद बढ़ने के बाद News18 ने बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री की युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की एक तस्वीर को AI एन्हांसमेंट टूल से प्रोसेस किया गया था, जिससे मूल तस्वीर के कुछ हिस्से बदल गए। संस्थान ने कहा कि यह तस्वीर उसके सभी प्लेटफॉर्म से हटा दी गई है। News18 ने इस चूक पर खेद जताते हुए माफी भी माँगी है।

क्या है तस्वीर की सच्चाई?

दरअसल, ऑरिजिनल फोटो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्ल प्लेयर के कँधे पर ऑटोग्राफ दिया है, जिसे AI की मदद से छेड़छाड़ कर परोसा गया है। असल वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेलबर्न के स्टेडियम में कई खिलाड़ियों को ऑटोग्राफ देते नजर आ रहे हैं। उन्हीं में से वह लड़की भी है, जिसने खुद अपने कँधे पर पीएम मोदी से ऑटोग्राफ की माँग की।

मेलबर्न में PM मोदी ने 30000 लोगों को किया संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित मार्वल स्टेडियम में आयोजित ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में करीब 30 हजार प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया था। यह कार्यक्रम ऑस्ट्रेलिया में किसी भी विश्व नेता के लिए भारतीय समुदाय की सबसे बड़ी सभाओं में से एक माना जा रहा है।

इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और विक्टोरिया प्रीमियर जैसिंटा एलन भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों, भारतीय समुदाय की भूमिका और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से बात की।

संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह पहले दो बार सिडनी में भारतीय समुदाय से मिले थे लेकिन इस बार मेलबर्न आने का विशेष इंतजार था। उन्होंने भारतीय समुदाय द्वारा दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा कि मेलबर्न ने इस बार मैदान मार लिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब वह वर्ष 2014 में पहली बार ऑस्ट्रेलिया आए थे, तब 28 वर्षों बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री वहाँ पहुँचा था। उस समय उन्होंने कहा था कि अब इतना लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।