PM मोदी ने आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर में ‘ध्यान मंदिर’ का किया उद्घाटन: बेंगलुरू की रैली में कॉन्ग्रेस को जमकर सुनाया, कहा- DMK की पीठ में घोंप दिया छुरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई 2026) को हैदराबाद और बेंगलुरु के दौरे पर हैं। बेंगलुरु में BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और फिर ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संगठन की 45वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पहुँचे। यहाँ पीएम मोदी ने नवनिर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन किया।

BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने तमिलनाडु की राजनीति पर टिप्पणी की। उन्होंने तमिलनाडु में कॉन्ग्रेस और DMK के अलग हुए गठबंधन को लेकर कॉन्ग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने सत्ता की भूख में विश्वासघात किया है।

कॉन्ग्रेस और उनकी गारंटियाँ दोनों झूठी: PM मोदी

कॉन्ग्रेस को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा, “कॉन्ग्रेस को सिर्फ विश्वासघात करना आता है। ये खुद भी झूठे हैं और इनकी गारंटियाँ भी झूठी हैं। कॉन्ग्रेस की सत्ता की किताब में गवर्नेंस का चैप्टर तो है ही नहीं। यहाँ कर्नाटक में भी पिछले 3 साल से हम यही देख रहे हैं। जनता की समस्या सुलझाने के बजाए, यहाँ सरकार का आपस में झगड़े सुलझाने में समय लग रहा है। ये तय नहीं कर पाते कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा…”

कोई ऐसा नहीं, जिसे कॉन्ग्रेस ने ठगा नहीं: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “पहला मौका मिलते ही कॉन्ग्रेस अपने साथियों के साथ भी विश्वासघात करती है। कोई ऐसा सगा नहीं, जिसे कॉन्ग्रेस ने ठगा नहीं। अभी तमिलनाडु में देखिए, 25-30 साल से कॉन्ग्रेस का DMK के साथ घनिष्ठ संबंध था। DMK के साथ गठबंधन ने कितनी ही बार कॉन्ग्रेस को संकटों से बाहर निकाला और 2014 के पहले 10 साल जो उनकी सरकार थी वो भी DMK के कारण टिकी थी।”

उन्होंने आगे कहा, “लेकिन जिस DMK के साथ 25-30 साल तक जीने-मरने का नाता था, हर पल DMK कॉन्ग्रेस की भलाई के लिए काम करती थी। लेकिन जैसे ही सत्ता का खेल कहीं और मुड़ गया, वैसे ही सत्ता की लालच में सत्ता की भूख में पहला मौका मिलते ही DMK की पीठ में छूरा घोंप दिया।”