38 देशों के साथ FTA, मजबूत MSME-मैन्युफैक्चरिंग बनी ताकत: PM मोदी ने ट्रेड डील पर UPA को भी घेरा, कहा- भारत में निवेशकों का भरोसा बढ़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (15 फरवरी 2026) को समाचार एजेंसी पीटीआई को इंटरव्यू दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने केंद्रीय बजट 2026-27, अमेरिका और यूरोपियन देशों के साथ ट्रेड डील पर बात की। इसके अलावा UPA सरकार को भी घेरा। पीएम ने कहा कि भारत की मजबूत मैन्युफैक्चरिंग, सेवाएँ, सशक्त MSMEs ही 38 देशों के साथ FTA करने की ताकत देते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे FTA का उद्देश्य कपड़ा, चमड़ा, रसायन, हस्तशिल्प, रत्न और अन्य क्षेत्रों में MSME के लिए बाजार तक पहुँच को विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की अगली छलाँग इस पर निर्भर करेगी कि निजी क्षेत्र नवाचार, लंबी अवधि की क्षमता और वैस्विक प्रतिस्पर्धा में कितनी साहसिक निवेश करता है। अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर पीएम ने कहा कि राजनीतिक स्थिरता और राजनीतिक पूर्वानुमान ने भारत में निवेशकों का विश्वास बहाल किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने रक्षा क्षेत्र पर बात करते हुए कहा कि सरकार देश की रक्षा सेनाओं को मजबूत करने और उन्हें पूरा समर्थन देने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के हालात को देखते हुए रक्षा क्षेत्र को आधुनिक बनाना सरकार की जिम्मेदारी है।

UPA सरकार की कमियों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि UPA सरकार के समय बातचीत शुरू तो होती थी, लेकिन बाद में टूट जाती थी, लंबी बातचीत के बाद भी कोई खास ठोस नतीजा नहीं निकलता था। उन्होंने कहा कि उस दौर में आर्थिक कुप्रबंधन की वजह से भारत आत्मविश्वास के साथ समझौते करने की स्थिति में नहीं था।