पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए 29 अप्रैल 2026 को दूसरे चरण कसी 142 सीटों पर मतदान होना है। इससे पहले सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में जुटे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के बनगाँव में जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की सत्ता धारी पार्टी तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) पर जमकर निशाना साधा। साथ ही पीएम मोदी ने बंगाल में ‘मोदी की गारंटी’ के बारे में जनता को जानकारी दी।
TMC ने माँ-माटी-मानुष को पापी कर दिया: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “बंगाल का ये चुनाव अब अंतिम चरण में है, लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी, 15 साल पहले TMC माँ-माटी-मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब इनके मुँह से माँ-माटी-मानुष, ये शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है?”
उन्होंने आगे कहा, “ये TMC वाले अगर माँ-माटी-मानुष की याद दिलाएँगे तो इनके पाप सामने आ जाएँगे। TMC की निर्ममता ने माँ को रुला दिया, माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।”
पीएम मोदी ने यह भी कहा, “TMC के महाजंगलराज में छोटे से छोटा नेता या छोटे से छोटा गुंडा खुद को सरकार समझता है। 24 परगना, हुगली नदी के आसपास का इलाका, ये कभी मीलों और फैक्ट्रियों का इलाका हुआ करता था, लेकिन आज मीलों पर ताले लगने की ही खबरें आती हैं। अंग्रेजों के समय से चले आ रहे कारखाने बंद हो रहे हैं। बस एक ही दुकान फल-फूल रही है, सिंडिकेट की कटमनी और कमीशनखोरी।”
पीएम मोदी ने जनता से नारे लगवाए- ‘आजादी, TMC के महाजंगलराज से’, ‘आजादी, TMC के भय से’, ‘आजादी, TMC के भ्रष्टाचार से’, ‘आजादी, बेटियों पर अत्याचार से’, ‘आजादी, बेकारी और बेरोजगारी से’, ‘आजादी, लुटती भर्ती परीक्षाओं से’, ‘आजादी, घुसपैठियों के कब्जे से’, ‘आजादी, गुंडों और मस्तानों से।’
TMC के ‘महाजंगलराज’ में सबसे पीड़ित बहन-बेटियाँ: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि TMC के ‘महाजंगलराज’ में सबसे ज्यादा पीड़ित बंगाल की महिलाएँ हैं। उन्होंने कहा, “TMC के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें और बेटियाँ हैं बहनों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही दिख रहा है।”
उन्होंने संदेशखाली में महिलाओं के साथ हुई अभद्रता पर कहा, “संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। TMC की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। यहाँ बहनों को ही गाली दी गई। बंगाल के भाइयों और बहनों, इसे कभी भी भूलना नहीं है।”
पीएम मोदी ने यह भी कहा, “TMC के महाजंगलराज में यहाँ से बेटियाँ लापता हो रही हैं, लेकिन यहाँ की TMC सरकार सोई पड़ी है। बेटियों की इन्हें कोई चिंता नहीं है।”
PM मोदी की घुसपैठियों को चेतावनी
पीएम नरेंद्र मोदी ने घुसपैठियों को चेतावनी देते हुए कहा, “आज बॉनगांव से मैं डंके की चोट पर घुसपैठियों को भी चेतावनी देना चाहता हूँ। जो भी अवैध तरीके से बंगाल में घुस आया है, जो फर्जी डॉक्यूमेंट लेकर यहाँ रह रहा है, वो 29 अप्रैल से पहले बंगाल और हिंदुस्तान छोड़ दे। वरना, 4 मई के बाद हर घुसपैठिए को खदेड़ा जाएगा। TMC, किसी भी घुसपैठिए को अब बचा नहीं पाएगी।”

