कानपुर में राजदीप नाम बताकर कैफ ने लॉ छात्रा से बढ़ाया संपर्क, फिर किया रेप: सच्चाई खुलने पर दे रहा था जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दबोचा

उत्तर प्रदेश के कानपुर में धर्म छिपाकर लॉ छात्रा से रेप करने वाले मोहम्मद कैफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कैफ ने खुद को राजदीप सिंह बताकर छात्रा से संपर्क बनाया और धीरे-धीरे उसके करीब पहुँचा। बाद में उसने युवती को झाँसे में लेकर शारीरिक संबंध बनाए।

जब छात्रा को उसकी असली पहचान का पता चला तो उसने उससे दूरी बना ली, जिसके बाद आरोपित लगातार उसका पीछा करने और उसे परेशान करने लगा। पीड़िता हरबंशमोहाल क्षेत्र की रहने वाली है और सिविल लाइंस स्थित एक कॉलेज में LLB की पढ़ाई कर रही है।

छात्रा के मुताबिक, उसके परिवार ने घर में पाली गई गाय के इलाज के लिए कोपरगंज स्थित पशु चिकित्सालय के एक डॉक्टर से संपर्क किया था। इसी सिलसिले में डॉक्टर का सहायक मोहम्मद कैफ उनके घर आया था। इसी दौरान उसने छात्रा का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और खुद को राजदीप सिंह बताकर उससे बातचीत शुरू कर दी।

पीड़िता के अनुसार, दूरी बनाने के बाद आरोपित कई बार नशे की हालत में उसके घर के बाहर पहुँच जाता था। वह बातचीत के लिए दबाव बनाता और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियाँ देता था। लगातार मिल रही धमकियों और पीछा किए जाने की घटनाओं से वह इतना डर हो गई कि उसने घर से बाहर निकलना और कॉलेज जाना तक बंद कर दिया।

कोतवाली पुलिस ने आरोपित मोहम्मद कैफ के खिलाफ दुष्कर्म, पीछा करने, धमकी देने, अश्लील हरकतें करने, अपमानित करने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।