चरण पखार घर वापसी कराने वाले BJP नेता को ‘हिंदू केसरी’ सम्मान, 18000+ परिवारों की हिंदू धर्म में वापसी करवा चुके हैं प्रबल प्रताप सिंह जूदेव

नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में स्वतंत्रता वीर सावरकर जयंती के अवसर पर एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में ‘माय होम इंडिया’ संगठन द्वारा समाजसेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में अद्वितीय एवं उल्लेखनीय योगदान देने के लिए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को प्रतिष्ठित ‘हिंदू केसरी सेवा, सुरक्षा एवं समरसता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

इस भव्य पुरस्कार समारोह में देश की कई बड़ी राजनीतिक और आध्यात्मिक हस्तियाँ शामिल हुईं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, प्रखर राष्ट्रवादी संत पूज्य स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री जयकुमार रावल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता सत्यनारायण जटिया तथा माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी द्वारा प्रारंभ किए गए ऐतिहासिक ‘घर वापसी अभियान’ को उनके पुत्र प्रबल प्रताप सिंह जूदेव पूरी निष्ठा के साथ निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। अब तक वे 18,000 से अधिक धर्मांतरित हिंदू परिवारों के चरण पखारकर, वैदिक मंत्रोच्चारण और पूर्ण विधि-विधान के साथ उनकी घर वापसी करा चुके हैं।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर सम्मान ग्रहण करने के बाद श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य एवं प्रेरणा का विषय है। पूज्य पिताजी स्वर्गीय श्री कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन सनातन संस्कृति, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक समरसता के लिए समर्पित किया। उन्हीं के आदर्शों एवं आशीर्वाद से मैं निरंतर इस अभियान को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।”

उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, “यह सम्मान मुझे नवीन ऊर्जा एवं निरंतर समाजहित और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करता है। सनातन संस्कृति की रक्षा, सेवा, सुरक्षा एवँ समरसता का यह अभियान भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निरंतर चलता रहेगा।”

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उन्हें बधाई दी है। सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा, “घर वापसी अभियान के प्रमुख एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव जी को प्रतिष्ठित ‘हिंदू केसरी सेवा, सुरक्षा एवं समरसता पुरस्कार’ से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।”

मुख्यमंत्री साय ने आगे लिखा, “हिन्दू हृदय सम्राट श्रद्धेय दिलीप सिंह जूदेव जी के आदर्शों एवं विरासत को आगे बढ़ाते हुए आप सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। यह सम्मान आपके समर्पण, सेवा भाव और सांस्कृतिक चेतना के प्रति आपकी प्रतिबद्धता का गौरवपूर्ण सम्मान है। आप निरंतर समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में नई ऊर्जा के साथ अपना योगदान देते रहें, यही मंगलकामना है।”