उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार (24 जनवरी 2026) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने X पर लोगों को शुभकामनाएँ देते हुए लिखा, “गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है। मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।”
प्रधानमंत्री मोदी ने भी लोगों को बधाई दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तारीफ की। उन्होंने X पर अपने पोस्ट में लिखा, “डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित यहाँ के लोगों की सहभागिता से हमारे इस राज्य ने बीते नौ वर्षों में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनने का सफर तय किया है।” उन्होंने आगे लिखा, “मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश की प्रगति को गतिशील बनाए रखने में उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य बहुत काम आने वाला है।”
भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में अमूल्य योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित यहां के लोगों की सहभागिता से हमारे इस राज्य ने बीते नौ वर्षों में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनने का…
— Narendra Modi (@narendramodi) January 24, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों को शुभकामनाएँ देते हुए राज्य की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश भारत की संस्कृति, साहित्य, संगीत, कला और आध्यात्मिक चेतना का प्राचीन काल से केंद्र रहा है।”
नमस्कार,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 24, 2026
उत्तर प्रदेश के मेरे बहनों और भाइयों, आप सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की हार्दिक बधाई।
असीम संभावनाओं का हमारा प्रदेश आज संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए बीमारू से भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है… pic.twitter.com/5U7681dU5n
उन्होंने आगे कहा, “अयोध्या की मर्यादा, काशी की शाश्वत चेतना, ब्रज धाम की भक्ति और प्रयागराज की समरसता ने युगों युगों से भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की है। सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संजोए हुए अमृतकाल में हमारा प्रदेश समावेशी विकास के संकल्प को धरातल पर साकार कर रहा है। दृढ़ संकल्प के साथ हमने कानून व सुशासन का राज स्थापित किया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश ने नीतिगत सुधारों और प्रभावी शासन के माध्यम से विकास की नई पहचान बनाई है। लेबर रिफॉर्म, एमएसएमई, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों से रोजगार के अवसर बढ़े हैं। महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से श्रमबल में महिलाओं की भागीदारी में ऐतिहासिक इजाफा हुआ है।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के विस्तार को प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही प्रवासी प्रदेशवासियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और कौशल को राज्य के विकास से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

