प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए दोस्त पुतिन को रिसीव करने पहुँचे पीएम मोदी, एक ही कार से हुए रवाना, प्रधानमंत्री आवास में रखा गया है ‘प्राइवेट डिनर’

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पालम एयरपोर्ट पर पहुँच गए हैं। पीएम मोदी ने उनका जोरदार स्वागत किया है। यहाँ से दोनों नेता एक ही कार में बैठ कर निकले। इससे पहले एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच राष्ट्रपति पुतिन और पीएम मोदी एक साथ निकले।

उनके सम्मान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक प्राइवेट डिनर प्रधानमंत्री आवास में रखी है। इस दौरान रक्षा संबंधों, यूरेशियन स्थिरता, यूक्रेन और फाइनेंशियल सहयोग जैसे द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। पीएम मोदी के पिछले साल किए गए मॉस्को दौरे के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने भी समिट से पहले एक प्राइवेट डिनर होस्ट किया था।

पुतिन के साथ सात मंत्री और एक बड़ा बिज़नेस डेलीगेशन भी आया है। इसमें रूस के डिफेंस मिनिस्टर, फाइनेंस मिनिस्टर और सेंट्रल बैंक के गवर्नर शामिल हैं।

राष्ट्रपति पुतिन के पहुँचने से पहले रूस के मंत्री दिल्ली पहुँच चुके हैं। भारत-रूस के बीच अहम रक्षा सौदा होने वाला है। इस लिहाज से ये दौरा काफी अहम है।

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इस बिजनेस डेलिगेशन में राजेश शर्मा भी मौजूद हैं, जो रूस में एक बड़ी फार्मास्युटिकल्स कंपनी के मालिक हैं। वह 34 वर्षों से रूस में रह रहे हैं।