प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (23 जनवरी 2026) को तमिलनाडु के मदुरंतकम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए चुनावी शंखनाद कर दिया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (पराक्रम दिवस) के मौके पर पीएम ने सीधे तौर पर डीएमके (DMK) सरकार को आड़े हाथों लिया।
पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु की जनता अब DMK के कुशासन से आजादी चाहती है और यहाँ बीजेपी-एनडीए की सरकार लाने का मन बना चुकी है। पीएम ने आरोप लगाया कि राज्य में लोकतंत्र नहीं बल्कि सिर्फ एक परिवार का हित देखा जा रहा है।
DMK नहीं, यह तो ‘CMC’ सरकार है
प्रधानमंत्री ने रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर कहा कि तमिलनाडु बदलाव के लिए तैयार है। पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि लोग अब DMK सरकार को ‘CMC’ सरकार कहने लगे हैं। पीएम ने इसका मतलब समझाते हुए कहा- C से करप्शन (भ्रष्टाचार), M से माफिया और C से क्राइम (अपराध)। उन्होंने कहा कि डीएमके ने जनता से वादे तो बड़े-बड़े किए लेकिन काम के नाम पर ‘जीरो’ साबित हुई।
आपने DMK को दो बार clear mandate दिया। लेकिन इन्होंने तमिलनाडु की जनता का भरोसा तोड़ा।
— BJP (@BJP4India) January 23, 2026
DMK ने वादे ढेर सारे किए, लेकिन काम जीरो (ZERO) रहा।
DMK सरकार को अब लोग CMC सरकार कह रहे हैं।
CMC सरकार यानी, करप्शन, माफिया और क्राइम को बढ़ावा देने वाली सरकार।
– पीएम @narendramodi pic.twitter.com/Z5Bsir0Qwd
एक परिवार की सेवा में लगा प्रशासन
पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज तमिलनाडु का प्रशासन जवाबदेही भूल चुका है। DMK में आगे बढ़ने के मौके सिर्फ उन लोगों को मिलते हैं जो किसी खास परिवार से जुड़े हों या फिर भ्रष्टाचार और महिलाओं के अपमान में शामिल हों। उन्होंने कहा कि इस वंशवादी राजनीति की वजह से राज्य का विकास रुक गया है और केवल एक ही परिवार की तिजोरियाँ भरी जा रही हैं।

