‘कॉन्ग्रेस ने घुसपैठियों को सौंपी ST लोगों की जमीन, असम चुनाव में इस पार्टी को दें सजा’: PM मोदी ने कोंकराझार से भरी हुँकार, कहा- NDA राज में विकास और शांति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (13 मार्च 2026) को असम की दो दिवसीय यात्रा के दौरान कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला बोला और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को सजा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस हमेशा अवैध घुसपैठियों को प्रोत्साहित करती रही है और दशकों तक असम के मूल निवासियों को जमीन अधिकार नहीं दिए। पीएम मोदी गुवाहाटी से कोकराझार की जनसभा को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे क्योंकि खराब मौसम के कारण वे वहाँ नहीं पहुँच सके।

PM मोदी ने कहा, “कॉन्ग्रेस ने हमेशा अवैध घुसपैठियों को बढ़ावा दिया है। दशकों तक पार्टी ने असम के आदिवासियों की जमीन घुसपैठियों को सौंप दी।” उन्होंने धुबरी और गोलपारा जैसे जिलों में बनी खतरनाक स्थिति का जिक्र करते हुए वर्तमान राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने बताया कि सरकार ने अवैध अतिक्रमणकारियों को हटाने का बड़ा अभियान चलाया और मूल निवासियों को जमीन अधिकार दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की, “आने वाले चुनाव में कॉन्ग्रेस को कड़ी सजा दें और स्पष्ट संदेश दें कि देश में अब घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। असम का यह संदेश जल्द पूरे राष्ट्र की आवाज बनेगा।” उन्होंने कॉन्ग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी बोडोलैंड क्षेत्र में विकास की उपेक्षा करती रही और बोडो लोगों के साथ विश्वासघात किया।

पीएम मोदी ने कॉन्ग्रेस को ‘झूठ की दुकान’ बताते हुए कहा, “एक झूठ के साथ चार और बड़े झूठ उपहार में देती है लेकिन वादे कभी पूरा नहीं करती। वहीं भाजपा और एनडीए की डबल इंजन सरकार ने सभी वादों को ईमानदारी से पूरा किया।” उन्होंने 2020 के बोडो शांति समझौते के तहत किए गए कामों का ब्यौरा दिया जिसमें बोडो भाषा को असम की सहायक आधिकारिक भाषा का दर्जा और बोडोलैंड को 1500 करोड़ रुपये की विशेष सहायता पैकेज शामिल है।

यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने कुल 47600 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। कोकराझार में ही 4570 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ जिसमें असम माला 3.0 रोड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल क्षेत्र में छह महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। इन पर 1100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होगा।

उन्होंने बशबारी में रेलवे वैगन पीरियोडिक ओवरहॉलिंग वर्कशॉप का शिलान्यास किया और तीन नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें हैं कामाख्या-चार्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस।

पीएम मोदी ने कहा कि असम शांति और विकास का नया अध्याय लिख रहा है। जब लोगों ने कॉन्ग्रेस को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर नकार दिया तो भाजपा-एनडीए को मौका मिला और हमने स्थिति बदलने के लिए सच्चे प्रयास शुरू किए। गुवाहाटी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और केंद्रीय मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने उनका स्वागत किया।