‘खा ली सल्फास, मंत्री लालजीत भुल्लर के डर से’: अमृतसर के DM ने दी जान, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो; बंधक बनाने और परिवार को खत्म करने की मिली थी धमकी

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का असली चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया है। अमृतसर में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा ने परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर की धमकियों और जुल्म से तंग आकर सल्फास खाकर खुदकुशी कर ली।

मरने से पहले जारी 12 सेकंड के वीडियो में रंधावा ने कांपती आवाज में कहा, “सल्फास खा ली है, मिनिस्टर लालजीत भुल्लर के डर से… अब मैं नहीं बचता।” इस सुसाइड के बाद भगवंत मान सरकार ने अपनी साख बचाने के लिए आनन-फानन में मंत्री का इस्तीफा तो ले लिया।

अपराध और भ्रष्टाचार की जुगलबंदी

भगवंत मान सरकार के इस कार्यकाल में मंत्रियों की मनमानी चरम पर है। आरोप है कि मंत्री लालजीत भुल्लर अपने पिता के नाम पर वेयरहाउस का टेंडर लेना चाहते थे। जब ईमानदार अफसर गगनदीप रंधावा ने नियमों का हवाला देकर टेंडर देने से मना कर दिया, तो उन्हें मंत्री के घर बुलाकर बँधक बनाया गया और उनके साथ मारपीट की गई।

विपक्षी नेताओं का दावा है कि मंत्री ने न केवल मारपीट का वीडियो बनाया, बल्कि रंधावा के मासूम बच्चों और पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी। भ्रष्टाचार के इस नंगे नाच ने एक ईमानदार अधिकारी को मौत के गले लगाने पर मजबूर कर दिया।

कुर्सी बचाने में जुटी मान सरकार

खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाली आम आदमी पार्टी अब पूरी तरह बैकफुट पर है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केवल जाँच का हवाला देकर इस्तीफा लिया है, जबकि रंधावा का परिवार मंत्री पर सीधे हत्या का केस दर्ज करने की माँग पर अड़ा है।

परिवार ने साफ कर दिया है कि जब तक लालजीत भुल्लर जेल की सलाखों के पीछे नहीं जाते, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। भ्रष्टाचार और रसूख की इस खूनी राजनीति ने पंजाब के प्रशासनिक ढांचे को हिला कर रख दिया है।