प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ शनिवार (9 मई 2026) को बड़ी छापेमारी की है। ED की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला नेटवर्क, अवैध सट्टेबाजी और विदेश से काले धन की राउंड ट्रिपिंग से जुड़े मामलों में की जा रही है।
आरोप है कि संजीव अरोड़ा और उनकी कंपनियों के जरिए बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियाँ की गईं, जिनमें फर्जी GST के जरिए मोबाइल फोन की खरीद और दुबई से भारत में अवैध पैसे के लेन-देन जैसे मामले शामिल हैं।
चंडीगढ़, गुरुग्राम और दिल्ली-NCR में एक साथ छापेमारी
शनिवार सुबह ED की टीम ने संजीव अरोड़ा से जुड़े करीब 5 ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें उनका चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 का सरकारी आवास, गुरुग्राम की एक रियल एस्टेट कंपनी के दफ्तर और दिल्ली-NCR के कुछ अन्य स्थान शामिल हैं।
कार्रवाई सुबह करीब 7:25 पर शुरू हुई और इस दौरान भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया। बताया जा रहा है कि लगभग 20 गाड़ियों में ED की टीम मौके पर पहुँची और दस्तावेजों की जाँच की गई।
इससे पहले अप्रैल में भी ED ने उनके और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर FEMA के तहत कार्रवाई की थी। वहीं 2024 में भी उनके खिलाफ एक अलग मनी लॉन्ड्रिंग केस में छापेमारी हुई थी, जो औद्योगिक जमीन के गलत इस्तेमाल से जुड़ा था।
राजनीतिक बयानबाजी तेज, आप और बीजेपी आमने-सामने
ED की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बार-बार की जा रही ऐसी कार्रवाइयों से कुछ भी साबित नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब को झुकाया नहीं जा सकता।
आज फिरसे BJP की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर BJP की ED आई है। और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों…
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) May 9, 2026
वहीं, AAP के सांसद संजय सिंह ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक दबाव बताया और आरोप लगाया कि यह पंजाब सरकार को बदनाम करने की कोशिश है। दूसरी ओर, ED की तरफ से कहा गया है कि जाँच पूरी तरह कानून के तहत चल रही है और दस्तावेजों की जाँच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

