भगवंत मान के बंगले के सामने सरकारी कर्मचारियों पर वाटर कैनन से पानी की बौछार, प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प भी: ठेकेदारी का विरोध और वेतन बढ़ोतरी की कर रहे थे माँग

पंजाब में अपनी माँगों को लेकर सरकारी कर्मचारियों का असंतोष एक बार फिर सड़कों पर दिखाई दिया। रविवार (31 मई 2026) को मोहाली के एसएएस नगर में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उठाए जा रहे मुद्दों पर सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। कर्मचारी समूहों ने रैली निकालते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास की ओर कूच करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

बता दें कि पंजाब में सरकारी कर्मचारी लंबे समय से ठेकेदारी को खत्म करने, लंबित भत्तों का भुगतान और पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने जैसी मुख्य माँग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से सुनवाई नहीं हो रही है।

CM आवास की ओर मार्च के दौरान पुलिस से टकराव, माँगें पूरी ना होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क था और इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें निर्धारित सीमा से आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालात को काबू में रखने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वॉर कैनन का इस्तेमाल किया।

इसके बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालाँकि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। कर्मचारी का कहना है कि वे लंबे समय से सरकार के समक्ष अपनी समस्याएँ रख रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।