ब्रिटेन की राजधानी लंदन के हेस (Hayes) इलाके में एक 24 साल की भारतीय मूल की महिला किरणदीप कौर की हत्या कर दी गई। यह हमला उनके ही घर में चाकू मारकर बेरहमी से हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर जब घर में घुसा था, तब किरणदीप सो रही थीं। फिर हमलावर ने किरणदीप पर धारदार हथियार से हमला किया।
किरणदीप मूल रूप से पंजाब के तरनतारन जिले के पिद्दी गाँव की रहने वाली थीं। किरणदीप ने अभी कुछ ही हफ्तों पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। इस हमले में उनके पति (उम्र 20-30 वर्ष के बीच) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जो घर के बाहर जख्मी हालत में मिले थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि यह एक नस्लीय हमला (रेसिस्ट अटैक) यानी हेट क्राइम है। लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने इस मामले में 44 साल के आरोपित डेनियल शॉन जेम्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित पर हत्या, हत्या के प्रयास और धारदार हथियार रखने के आरोप लगाए हैं। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपित को 11 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
हमलावर पकड़ाया, पुलिस जाँच में जुटी
लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की सुबह करीब 7:55 बजे उन्हें अक्सब्रिज रोड (Uxbridge Road) पर चाकूबाजी की सूचना मिली थी। जब पुलिस एम्बुलेंस सेवा के साथ मौके पर पहुँची, तो किरणदीप कौर गंभीर रूप से जख्मी थीं। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जाँच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध हुलिए के आधार पर 44 साल के डेनियल शॉन जेम्स को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपित खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश में खुद भी चोटिल हो गया था। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि शुरुआती जाँच में अभी तक इसे सीधे तौर पर हेट क्राइम (नस्लीय हिंसा) मानने के सबूत नहीं मिले हैं।
खेत बेचकर भेजा था लंदन, टूट गए सारे सपने
किरणदीप कौर का परिवार पंजाब में बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति से जूझ रहा है। उनके बड़े भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि किरणदीप ने पंजाब से 4 साल की बीएससी (BSc) डिग्री पूरी की थी। इसके बाद पूरे परिवार ने अपनी जिंदगी की इकलौती पूंजी, यानी आधा एकड़ कृषि भूमि (जमीन) को बेच दिया था।
परिवार ने करीब 25 लाख रुपए खर्च करके सितंबर 2024 में किरणदीप को स्टूडेंट वीजा पर पढ़ाई के लिए यूनाइटेड किंगडम (UK) भेजा था। इसके बाद किरणदीप को वहाँ वर्क परमिट मिल गया था और इसी साल सितंबर में उन्हें अपनी डिग्री मिलने वाली थी। परिवार को उम्मीद थी कि किरणदीप वहाँ जाकर पूरे घर की किस्मत बदल देगी, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया।
नवजात बच्चे के सिर से उठा माँ का साया
किरणदीप अभी कुछ ही दिन पहले एक प्यारे से बच्चे की माँ बनी थीं। उनकी इस तरह अचानक हुई मौत से उनके पड़ोसी और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। किरणदीप के जीजा साहिब ने बताया कि वह एक बेहद शानदार और खुशमिजाज माँ थीं। बच्चे के जन्म से पूरा परिवार बेहद खुश था, लेकिन अब इस घटना ने सभी का दिल तोड़ दिया है।
पड़ोसियों का कहना है कि किरणदीप हमेशा मुस्कुराने वाली और मिलनसार महिला थीं। वह अपने नवजात बच्चे से बेहद प्यार करती थीं। घटना की सुबह अचानक पूरे इलाके में पुलिस ही पुलिस नजर आने लगी, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात का पता चला। फिलहाल इस नन्हे बच्चे की सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
भारत सरकार से मदद की गुहार
पंजाब के तरनतारन में रह रहे किरणदीप के माता-पिता सुखदेव सिंह और बलजीत कौर पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने भारत सरकार से भावुक अपील की है कि उनकी बेटी के शव को जल्द से जल्द भारत वापस लाने में मदद की जाए। साथ ही उन्होंने यूके प्रशासन से माँग की है कि दोषी को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
इस बीच, ब्रिटेन के सिख समुदाय में भी इस घटना को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है। सिख प्रेस एसोसिएशन के प्रवक्ता जसवीर सिंह ने कहा कि ब्रिटेन में कमजोर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों पर होने वाले नस्लीय हमलों को लेकर सिख समुदाय चिंतित है। स्थानीय सिख संगठन अब पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।

