राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार (5 दिसंबर 2025) को रेड कार्पेट पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुतिन का स्वागत किया और इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर, दिल्ली के LG वीके सक्सेना, CDS जनरल अनिल चौहान समेत अन्य नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
LIVE: Ceremonial welcome of President Vladimir Putin of Russian Federation at Rashtrapati Bhavan https://t.co/ZTENsWvpyO
— President of India (@rashtrapatibhvn) December 5, 2025
भारत में अपने औपचारिक स्वागत समारोह को पूरा करने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कार्यक्रम अब आगे बढ़ चुका है। राष्ट्रपति भवन में स्वागत समारोह संपन्न होने के बाद पुतिन ने राजघाट जाकर महात्मा गाँधी को श्रद्धांजलि दी है। अब पुतिन के आगे के कार्यक्रमों हैदराबाद हाउस में होने वाली द्विपक्षीय बैठक, उच्च स्तरीय बातचीत और समझौतों पर हस्ताक्षर शामिल हैं।
औपचारिक प्रक्रिया के तहत भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का परिचय पुतिन से कराया गया। इसके बाद पुतिन ने भी अपने साथ आए रूसी अधिकारियों और कैबिनेट सदस्यों से राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी का परिचय कराया।
प्रधानमंत्री मोदी के बुलावे पर पुतिन चार साल बाद भारत आए हैं। इस बार उनकी यात्रा में खास फोकस रहेगा कि दोनों देश अपनी रक्षा साझेदारी मजबूत करें, आपसी व्यापार को बाहरी दबावों से कैसे बचाया जाए और छोटे मॉड्यूलर परमाणु रिएक्टरों पर मिलकर क्या काम किया जा सकता है।
पुतिन का औपचारिक स्वागत हुआ है और इसके बाद भारत और रूस का 23वां सालाना शिखर सम्मेलन होगा, जहाँ मोदी और पुतिन कई अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे। रात में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में राजकीय डिनर देंगी।

