सल्फास खाकर मर गया 19 साल का राहुल क्योंकि उसकी बहनों की AI से बनाई गई न्यूड वीडियो से ब्लैकमेल कर रहा था साहिल: हरियाणा के फरीदाबाद की घटना

हरियाणा के फरीदाबाद में एक 19 साल के युवक ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि एआई से जेनरेट किए गए उसकी तीन बहनों की अश्लील तस्वीरें शेयर कर उसे ब्लैकमेल किया गया और फिरौती माँगी गई। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है।

डीएवी कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र राहुल भारती पिछले 15 दिनों से परेशान थे। उनका फोन किसी ने हैक कर लिया था और एआई जनरेटेड राहुल और उनकी बहनों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भेज दिया था। मृतक के पिता मनोज भारती के मुताबिक, वह ठीक से खाना भी नहीं खा पा रहा था और अक्सर अपने कमरे में चुपचाप रहता था।

पुलिस की जाँच में पता चला है कि राहुल की साहिल नाम के व्यक्ति के बीच बातचीत हुई थी। उसने ही अश्लील तस्वीरें भेजी थीं और 20,000 रुपये की माँग कर रहा था। व्हाट्सएप पर हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट में दोनों के बीच कई ऑडियो और वीडियो कॉल दिखाई दे रहे थे, जिसमें ‘साहिल’ उसे ‘आजा मेरे पास’ कहते हुए एक लोकेशन भेज रहा था।

बातचीत में पता चलता है कि साहिल ने उसे पैसे नहीं देने पर वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दे रहा था। उसने कथित तौर पर राहुल को आत्महत्या के लिए उकसाया भी था। यहाँ तक कि कुछ ऐसे कैमिकल के बारे में बताया, जिसके सेवन से मौत हो सकती है।

राहुल ने शनिवार (25 अक्टूबर 2025) शाम करीब 7 बजे कुछ गोलियाँ खाई थी। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर गए, जहाँ उसकी मौत हो गई। परिवार ने नीरज भारती नाम के व्यक्ति पर शक जाहिर किया है, जिससे कुछ देर पहले राहुल ने बात की थी।

परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।