राजस्थान-दिल्ली समेत कई जगहों पर ब्लास्ट की साजिश, पाकिस्तान से मिला IED: RDX मिलने में देरी से फेल हुआ मिशन, अली-अनस ने उगले राज

राजस्थान में बड़े विस्फोट की साजिश का खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक राजस्थान में धमाका करने के लिए पाकिस्तान से IED भेजा गया था। यह खुलासा हरियाणा STF ने अंबाला से गिरफ्तार किए गए तीन युवकों के साथ पूछताछ में हुआ है। उनके पास से करीब 2 किलो आरडीएक्स, IED और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, इनपुट के आधार पर अंबादा के बराड़ा-दोसारका रोड पर नाकाबंदी कर तीनों आरोपितों को उस समय पकड़ा गया, जब वे मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से विस्फोटक बरामद हुआ। जाँच में सामने आया है कि यह IED पाकिस्तान से भेजा गया था और इसे राजस्थान में किसी बड़े धमाके के लिए इस्तेमाल किया जाना था। रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकी शहजाद भट्टी के इशारे पर ड्रोन के जरिए अमृतसर में आरडीएक्स भेजा गया था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजमेर के अली अकबर, मेरठ के अनस और अंबाला के जंगवीर के रूप में हुई है। इन आरोपतों ने खुलासा किया है कि पहला ब्लास्ट राजस्थान के हनुमानगढ़ में किया जाना था। 5 दिन तक IED वहाँ रहा भी, लेकिन आरडीएक्स देरी से पहुँचने के चलते ब्लास्ट टाल दिया गया। इसके बाद नए टारगेट के लिए एक हफ्ते तक हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के कई इलाकों की रेकी के वीडियो भेजे गए।

वहीं तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से राजस्थान में होने वाली संभावित बड़ी आतंकी घटना टल गई। फिलहाल मामले में आगे की जाँच जारी है।