सिर्फ माँ की हत्यारिन नहीं है आयुषी, पिछले साल सरकारी नौकरी के लालच में पिता की भी ले चुकी जान: मामा ने लगाया गंभीर आरोप, अब पुलिस कर रही जाँच

राजस्थान की राजधानी जयपुर में नीरज शर्मा हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। सरकारी नौकरी और संपत्ति के लालच में अपनी माँ की गाड़ी से कुचलवाकर हत्या करने के आरोप में जेल में बंद LLB अंतिम वर्ष की छात्रा आयुषी पर अब अपने पिता की भी हत्या करने का आरोप लगा है।

आयुषी के मामा राकेश शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आयुषी ने एक साल पहले यानी अप्रैल 2025 में अपने चचेरे भाई बलराम के साथ मिलकर अपने पिता विजय शर्मा को भी मार डाला था।

इलाज के बहाने 3 महीने गायब रखा, फीडिंग पाइप हटाने का आरोप

मामा राकेश शर्मा द्वारा प्रताप नगर थाने में दर्ज कराई गई FIR के मुताबिक, राजस्थान हाई कोर्ट में कोर्ट मास्टर रहे विजय शर्मा लंबे समय से बीमार थे। इलाज के बाद उनकी तबीयत में सुधार हो गया था और वे घर लौट आए थे।

आरोप है कि इसके बाद आयुषी ने परिवार से झूठ बोला कि उसकी एक डॉक्टर से बात हुई है और बेहतर इलाज के लिए पिता को दूसरे अस्पताल ले जाना होगा। जिसके बाद वो चचेरे भाई बलराम के साथ पिता को ले गई और करीब तीन महीने तक परिवार को उनकी सही लोकेशन नहीं बताई।

बाद में जब उन्हें निविक अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, तब तक डॉक्टरों के अनुसार उनके 90 प्रतिशत अंग प्रभावित हो चुके थे। घर लाने पर उनकी मौत हो गई, जिसके बाद आरोपित बिना किसी को बताए शव को गाँव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।

मामा का आरोप है कि आयुषी ने इलाज के दौरान पिता की फीडिंग पाइप हटाकर उनकी जान लेने की साजिश रची थी, ताकि सरकारी नौकरी और पारिवारिक संपत्ति हासिल की जा सके।

माँ को दी थी धमकी, व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था- सिर्फ 2 दिन की जिंदगी

शिकायत में यह भी सामने आया है कि माँ नीरज शर्मा से विवाद के दौरान आयुषी ने उन्हें धमकी देते हुए कहा था, “जब पिता की खाने की पाइप निकालकर उन्हें मार दिया तो तुम क्या हो, तुम्हें भी दो दिन में खत्म कर दूँगी।”

इस धमकी के बाद सहमी माँ नीरज शर्मा ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था कि उनकी जिंदगी सिर्फ दो दिन की बची है। इसके ठीक बाद उनकी हत्या कर दी गई।

मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपित हेमंत शर्मा ने भी खुलासा किया है कि आयुषी और बलराम ने उस पर हत्या के लिए लगातार दबाव बनाया था और कहा था कि सात लाख रुपए दिए जा चुके हैं और सारी तैयारी पूरी है।

भाई से प्यार, माँ से नफरत

पुलिस पूछताछ में आयुषी ने बताया कि उसकी माँ का पूरा ध्यान उसके स्पेशल चाइल्ड भाई पर रहता था, जिससे वह खुद को अकेला महसूस करती थी। इसी नफरत और संपत्ति के लालच में उसने माँ की हत्या की योजना बलराम के साथ मिलकर बनाई।

पुलिस के अनुसार, फरार चचेरे भाई बलराम की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून की जानकारी रखने वाली आयुषी काफी मजबूत मानसिक स्थिति वाली है, इसलिए अब मनोवैज्ञानिकों की मदद से उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।