1100 साल पुराने मठ में महंत की निर्मम हत्या, देर रात बदमाशों ने देवानंद महाराज को चाकुओं से गोदा: धरने पर बैठे गुस्साए संत, राजस्थान पुलिस ने 6 को पकड़ा

राजस्थान के कोटा जिले में स्थित करीब 1100 साल पुराने चंद्रेसल मठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मठ के महंत देवानंद महाराज की अज्ञात बदमाशों ने चाकू से मार कर हत्या कर दी।

यह घटना शुक्रवार (5 जून 2026) की देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार बदमाश हथियार लेकर मठ में घुसे थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महंत देवानंद महाराज अपने कमरे में सो रहे थे। उसी दौरान बदमाशों ने पहले दूसरे महंत नंदनवन महाराज के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद हमलावर देवानंद महाराज के कमरे में पहुँचे और उन पर चाकू से कई वार किए। उनकी गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद शोर सुनकर मठ के सेवादार और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे। उन्होंने महंत को गंभीर हालत में कोटा के MBS अस्पताल पहुँचाया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद साधु-संतों और हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी है। संत समाज ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की माँग करते हुए अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस, FSL और डॉग स्क्वाड की मदद से मामले की जाँच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

धरने में पहुँची SP तजस्विनी गौतम ने बताया है कि पुलिस ने 6 से 7 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।