राजस्थान के उदयपुर जिले में जनजातीय समाज को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने वाले 3 पादरियों समेत 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इन मिशनरी के लोगों को खेतों में कुआँ और ट्यूबवेल खुदवाने का लालच दिया गया और इसके बदले ईसाई बनने को कहा गया।
दरअसल, शनिवार (06 जून 2026) को ऋषभदेव थाना क्षेत्र के कानूवाड़ा बिलखाई गाँव में प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इस सभा में 20 से ज्यादा गाँवों के 200 लोग शामिल हुए। यहाँ सभा में जनजातीय समाज के लोगों को ईसाई में परिवर्तित होने के लिए ब्रेनवॉश किया जा रहा था। साथ ही उनकी जरूरतों को पूरा करने का लालच भी दिया जा रहा था।
इस सभा में शामिल हुए एक व्यक्ति नानालाल ने पुलिस से शिकायत की। नानालाल ने बताया कि सभा में लोगों से कहा गया कि हिंदू धर्म छोड़ दो, सारी बीमारियाँ दूर हो जाएँगी और हर तरीके से आर्थिक लाभ भी मिलेगा। नानालाल ने कहा कि उन्हें भी परिवार के साथ ईसाई बनने का लालच दिया गया।
नानालाल की शिकायत पर पुलिस भी कार्यक्रम स्थल पर पहुँची। यहाँ से झारखंड और छत्तीसगढ़ के 3 पादरियों समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि यह प्रार्थना सभा पिछले दो दिनों से चल रही थी। पुलिस अब इन आरोपितों के मोबाइल और बैंक डिटेल्स खंगाल रही है।

