भारत का रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार (30 मई 2026) को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि देश का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच चुका है और आने वाले महीने में यह आँकड़ा पौने दो लाख करोड़ रुपए तक पहुँचने की उम्मीद है।
रक्षा उत्पादन और निर्यात में हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी
लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका के लोकार्पण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में देश का कुल रक्षा उत्पादन लगभग 46 हजार करोड़ रुपए था, जो अब डेढ़ लाख करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है।
उन्होंने कहा, “वर्ष 2014 में हमारा घरेलू रक्षा उत्पादन मात्र 46 हजार करोड़ रुपए था, लेकिन आज वही बढ़कर डेढ़ लाख करोड़ से अधिक हो चुका है और मैं जानकारी देना चाहता हूँ कि जून समाप्त होते-होते आपको यह जानकारी मिलेगी कि यह डेढ़ लाख करोड़ नहीं, बल्कि पौने दो लाख करोड़ रुपए हो गया है।”
उन्होंने कहा कि एक समय भारत को रक्षा उपकरणों के बड़े आयातक के रूप में जाना जाता था, जबकि अब देश का रक्षा निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। उनके अनुसार, 2014 से पहले रक्षा उपकरणों और हथियारों के कलपुर्जों का निर्यात एक हजार करोड़ रुपए से भी कम था, लेकिन अब यह बढ़कर लगभग 40 हजार करोड़ रुपए तक पहुँच चुका है।
रक्षा मंत्री ने की UP के विकास और सीएम योगी की सराहना
राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी इस बदलाव का महत्वपूर्ण हिस्सा बनकर उभरा है और राज्य में रक्षा कॉरिडोर की स्थापना और रक्षा अनुसंधान से जुड़ी परियोजनाओं ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत किया है। उन्होंने लखनऊ में DRDO की प्रयोगशालाओं और ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश की भूमिका राष्ट्रीय रक्षा क्षेत्र में और मजबूत हुई है।
Uttar Pradesh: At the inauguration ceremony of Nausena Shaurya Vatika, Union Defence Minister Rajnath Singh says, "…Uttar Pradesh was in such a state that it was once known for one district, one mafia. But today, the state is known for one district, one product. This change is… pic.twitter.com/6a0KXslAxw
— IANS (@ians_india) May 30, 2026
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा, “आज का यूपी बदल चुका है, यह सिर्फ हम ही नहीं बल्कि पूरा हिंदुस्तान जानता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जबरदस्त कामयाबी हासिल की है।” उन्होंने कहा कि यूपी तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और इसका सकारात्मक प्रभाव उद्योगों व निवेश के माहौल पर भी दिखाई दे रहा है।

