डबल सिक्योरिटी चेक, बिना जेब वाली यूनिफॉर्म और मोबाइल पर पूरी तरह बैन: राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के नियम हुए सख्त

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती (काउंटिंग) की प्रक्रिया को पहले से अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई बड़े बदलाव किए गए हैं। चढ़ावा चोरी के मामले के बाद काउंटिंग व्यवस्था की समीक्षा की गई, जिसके बाद कर्मचारियों के प्रवेश से लेकर गिनती की पूरी प्रक्रिया तक नए नियम लागू किए गए हैं।

नई व्यवस्था के तहत अब काउंटिंग हॉल में प्रवेश करने वाले प्रत्येक कर्मचारी को दो चरणों की सुरक्षा जाँच से गुजरना होगा। कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड भी लागू किया गया है, जिसके अनुसार उन्हें बिना जेब (पॉकेट) वाली डार्क ब्लू रंग की यूनिफॉर्म पहननी होगी।

इसके अलावा मोबाइल फोन, कैमरा, बैग या अन्य निजी सामान काउंटिंग हॉल के अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। कर्मचारियों को हॉल में प्रवेश से पहले जूते-चप्पल भी बाहर उतारने होंगे। काउंटिंग की प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। अब चढ़ावे की गिनती कुर्सी और मेज पर बैठकर करने के बजाय जमीन पर बैठकर कराई जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरक्षा कर्मियों के साथ सिविल पुलिस की भी तैनाती की गई है और पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। कैमरों की रिकॉर्डिंग लंबे समय तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है और डिजिटल डेटा संरक्षण को भी मजबूत करने पर विचार किया जा रहा है।