पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हुए चुनावों में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पाकिस्तान और ब्रिटेन दोनों जगहों पर चर्चा तेज कर दी है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के नेता और पूर्व मंत्री रुखसार अहमद ने चुनाव जीत लिया है, जबकि वह ब्रिटेन में रेप और बच्चों की तस्करी जैसे गंभीर आरोपों की जाँच का सामना कर रहे हैं।
ब्रिटेन की पुलिस ने जुलाई 2024 में उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह पुलिस बेल पर बाहर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमद को पिछले महीने ब्रिटेन में पुलिस के सामने पेश होकर बेल की प्रक्रिया पूरी करनी थी, लेकिन वह वहाँ नहीं पहुँचे।
उन्होंने इसके पीछे तबीयत खराब होने और उड़ान भरने में असमर्थ होने की बात कही। इसी दौरान उनकी तस्वीरें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मीरपुर में चुनाव प्रचार करते हुए सोशल मीडिया पर सामने आईं।
क्या है पूरा मामला?
ब्रिटेन के अखबार द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (GMP) ने 18 जुलाई 2024 को रुखसार अहमद को मैनचेस्टर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि 1990 के दशक में मैनचेस्टर के रशोल्म इलाके में रहने वाली कमजोर परिस्थितियों वाली लड़कियों के साथ यौन शोषण और मानव तस्करी में शामिल थे।
पुलिस की जाँच कई महिलाओं के आरोपों से जुड़ी है, जिन्होंने दावा किया है कि जब वे कम उम्र की थीं और देखभाल केंद्रों में रहती थीं, तब उनके साथ यौन अपराध किए गए। हालाँकि अभी तक अहमद के खिलाफ कोई आरोप अदालत में साबित नहीं हुआ है और मामला जाँच के स्तर पर है।
ब्रिटिश पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर वह आगे भी पुलिस बेल की शर्तों का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा सकता है।
कौन हैं रुखसार अहमद?
रुखसार अहमद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मीरपुर क्षेत्र के रहने वाला हैं और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) से जुड़े हुए हैं। वह कई वर्षों तक PoK की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और 2006 से 2021 तक अलग-अलग सरकारों में मंत्री पद पर रह चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने राजस्व, व्यापार, उद्योग, पशुपालन और बिजली विकास जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। साल 2021 में वह चुनाव हार गए थे, लेकिन हालिया चुनाव में उन्होंने फिर से जीत हासिल की और विधानसभा में वापसी की।
बताया जाता है कि अहमद के ब्रिटेन के मैनचेस्टर शहर में भी लंबे समय से संबंध रहे हैं। वह वहाँ पाकिस्तानी और कश्मीर मूल के लोगों के बीच एक प्रभावशाली व्यक्ति के तौर पर जाने जाते थे। उनके पास पहले गुज्जर पैलेस नाम का एक रेस्टोरेंट भी था, जो मैनचेस्टर के मशहूर करी माइल इलाके के पास स्थित था।
चुनाव जीतने पर उठे सवाल
रुखसार अहमद की चुनावी जीत के बाद ब्रिटेन में भी सवाल उठ रहे हैं कि इतने गंभीर आरोपों की जाँच के बीच कोई व्यक्ति चुनाव कैसे लड़ सकता है। कुछ स्थानीय नेताओं ने कहा कि इससे पीड़ितों को गलत संदेश जा सकता है।
द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के एक वरिष्ठ PML-N नेता ने कहा कि वह अहमद को करीब दो दशक से जानते हैं, लेकिन उन्हें इन गंभीर आरोपों की जानकारी नहीं थी।
फिलहाल रुखसार अहमद के खिलाफ ब्रिटेन में जाँच जारी है और आने वाले समय में यह मामला ब्रिटेन और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक मुद्दा भी बन सकता है।

