रूस ने ओरेश्निक मिसाइल से लवीव पर किया हमला, 13 मिनट में तय हुई 1800KM की दूरी: कीव पर 100 ड्रोन से अटैक, पूरे यूक्रेन में दहशत

रूस ने यूक्रेन के पश्चिमी इलाके लवीव (Lviv) क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा और हाई-स्पीड मिसाइल हमला किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हमला रूस की नई और बेहद ताकतवर ओरेश्निक इंटरमीडिएट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल (IRBM) से किया गया हो सकता है।

ओरेश्निक मिसाइल ने करीब 1,800 किलोमीटर की दूरी महज 12–13 मिनट में तय की और इसकी रफ्तार 10,000 से 13,000 किमी प्रति घंटे तक बताई जा रही है। हमले के बाद पूरे यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी कर दिया गया।

लवीव में धमाके, इंफ्रास्ट्रक्चर को बनाया गया निशाना

लवीव के मेयर आंद्रिय सादोवी और क्षेत्रीय गवर्नर मक्सिम कोजित्स्की ने पुष्टि की कि रूस ने इलाके में एक महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर टारगेट पर हमला किया है। हालाँकि उन्होंने हथियार के प्रकार पर सीधे कोई बयान नहीं दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, 10 से ज्यादा जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई, जिससे आशंका है कि मिसाइल के कई वारहेड सक्रिय हुए।

यूक्रेनी वायुसेना के पश्चिमी कमान ने कहा कि हमला बैलिस्टिक मिसाइल से किया गया, जिसकी रफ्तार लगभग 13,000 किमी प्रति घंटा थी। विशेषज्ञ अब घटनास्थल की जाँच कर रहे हैं। हमले से ठीक पहले यूक्रेन के टेलीग्राम चैनलों ने रूस के कापुस्तिन यार टेस्टिंग ग्राउंड से मिसाइल दागे जाने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद पूरे देश में एयर रेड सायरन बजा दिए गए।

क्या है ओरेश्निक मिसाइल, क्यों है इतना खतरनाक?

ओरेश्निक मिसाइल रूस की नई पीढ़ी की इंटरमीडिएट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल है, जिसे कापुस्तिन यार से संचालित किया जाता है। यह मिसाइल हाइपरसोनिक गति से उड़ान भरती है और इसे पारंपरिक या संभावित रूप से न्यूक्लियर क्षमता वाले वारहेड के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले कह चुके हैं कि ओरेश्निक की मारक क्षमता पारंपरिक हथियार के बावजूद परमाणु हथियार जैसी तबाही मचा सकती है। यूक्रेन की सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस तरह की मिसाइल को रोकने के लिए उसके पास कोई प्रभावी एयर डिफेंस सिस्टम मौजूद नहीं है।

इससे पहले नवंबर 2024 में रूस ने पहली बार ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल यूक्रेन के द्नीप्रो शहर पर किया था। रूस ने इस मिसाइल को अपने सहयोगी देश बेलारूस में भी तैनात कर रखा है, जिससे कई यूरोपीय शहर इसकी रेंज में आ जाते हैं।

कीव पर ड्रोन हमला, पूरे यूक्रेन में दहशत

लवीव हमले के साथ-साथ रूस ने राजधानी कीव की ओर करीब 100 ड्रोन भी रवाना किए। कीव और आसपास के इलाकों में हुए हमलों में कम से कम 3 लोगों की मौत और 13 के घायल होने की पुष्टि हुई है। कीव के मेयर विताली क्लिचको के अनुसार, एक रिहायशी इमारत पर दो बार हमला हुआ, जिसमें राहत कार्य में लगे एक मेडिक की भी मौत हो गई। यूक्रेन की वायुसेना ने चेतावनी दी कि पूरे देश पर मिसाइल हमले का खतरा बना हुआ है, क्योंकि रूसी बॉम्बर्स हवा में हैं।

लवीव प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि हमले के बाद रेडिएशन लेवल सामान्य है। गौरतलब है कि अमेरिका के कीव स्थित दूतावास और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पहले ही बड़े रूसी हमले की आशंका जता चुके थे। हालिया घटनाओं से साफ है कि रूस-यूक्रेन युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुँच गया है, जहाँ हाई-स्पीड मिसाइल और ड्रोन हमले आम होते जा रहे हैं।