‘हम दो दोस्त बातचीत में खो गए थे’: पुतिन ने SCO समिट के दौरान PM मोदी के साथ कार में हुई ‘सीक्रेट बातचीत’ का किया खुलासा

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस साल सितंबर में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (SCO) समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार में की गई ‘सीक्रेट बातचीत’ पर खुलासा किया है। SCO की एक बैठक के बाद पुतिन और पीएम मोदी द्विपक्षीय बैठक के लिए एक ही कार से निकले थे। इस बीच दोनों ने करीब 45 मिनट तक बातचीत की थी जिसे लेकर अब पुतिन ने खुलासा किया है।

पुतिन ने ‘आज तक’ के साथ एक इंटरव्यू में बताया है कि उनके व पीएम मोदी के बीच सामयिक विषयों पर ही बातचीत हुई और इसे लेकर पहले से कोई तैयारी नहीं थी। उन्होंने कहा, “हम दोनों बाहर निकले और सामने मुझे मेरी कार दिखाई दी तो मैंने उन्हें साथ चलने को कह दिया। वैसे ही जैसा दोस्तों के बीच होता है, इसमें इससे ज्यादा और कुछ भी नहीं था।”

पुतिन ने अपने इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने और पीएम मोदी ने आम दोस्तों की तरह ही बात की थी। उन्होंने कहा कि हमारे पास बातचीत करने को हमेशा कुछ न कुछ जरूर होता है। उन्होंने कहा, “हम दोनों बातचीत में इतना खो गए कि बाद में खयाल आया कि लोग हमारा इंतजार कर रहे होंगे। ऐसा कुछ खास नहीं था, इस वाकये से बस ये पता चलता है कि हमारे पास चर्चा करने को बहुत कुछ रहता है और हम इस तरह की चर्चा को खासी अहमियत देते हैं।”