आशिक के साथ रंगरलियाँ मना रही थी रूबी, पति ने पकड़ा तो कर दी हत्या: शव को ग्राइंडर से काटा, हाथ के टैटू से सुलझी राहुल के गायब होने की गुत्थी

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बेहद गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कई टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी रूबी और उसके प्रेमी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब पतरोआ रोड स्थित ईदगाह के बाहर एक पॉलिथिन में मानव शरीर के कुछ कटे हुए हिस्से मिले। शव के टुकड़े मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए। शव के साथ सिर मौजूद नहीं था, जिससे शिनाख्त में दिक्कत आई लेकिन एक कटे हाथ पर बने टैटू के जरिए पुलिस ने पहचान की कड़ी जोड़ी।

टैटू से हुई पहचान, पत्नी ने बताया क्यों की हत्या

जाँच में सामने आया कि कटा हुआ हाथ चुन्नी निवासी राहुल का है। राहुल की पत्नी रूबी ने 18 नवंबर 2025 को खुद कोतवाली पहुँचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शक के आधार पर रूबी से पूछताछ की, जिसमें उसके बयानों में विरोधाभास पाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर रूबी ने अपने प्रेमी गौरव के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में रूबी ने बताया कि राहुल ने उसे उसके प्रेमी गौरव के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद राहुल ने उसके साथ मारपीट की और उसका जुलूस निकालने की धमकी दी थी, इसलिए उसने हत्या की साजिश रची।

शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश जारी

आरोपितों ने पुलिस को बताया कि हत्या घर के अंदर की गई। इसके बाद शव को काटने के लिए अगले दिन बाजार से बैग, पॉलिथीन और ग्राइंडर मशीन खरीदी गई। पुलिस को आशंका है कि शव के अन्य हिस्सों को अलग-अलग स्थानों पर फेंका गया है। फिलहाल सिर और कुछ अन्य अंगों की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

आरोपितों की निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मृतक की बेटी ने बताया कि घर में गौरव और उसके साथी अभिषेक का आना-जाना था। वे उसे चॉकलेट का लालच देकर कमरे से बाहर भेज देते थे और हत्या की बातें करते थे।

पुलिस ने आरोपितों से ग्राइंडर मशीन, हथौड़ा, लोहे की रॉड, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, स्कूटी और कार बरामद की है, जिनका इस्तेमाल शव को ठिकाने लगाने में किया गया था। संभल कोतवाली प्रभारी के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल हथियारों की पुष्टि, साजिश की पूरी परतें खोलने और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जाँच के लिए दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ जारी है।